वृंदावन के प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज की तबीयत को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं। यह अफवाहें फैलना तब शुरू हुई जब उनकी नियमित पदयात्रा बंद हो गई और उन्होंने भक्तों से मुलाकात करना भी कम कर दिया, जिसके बाद लोगों की चिंता बढ़ गई।

अब इन बढ़ती अटकलों के बीच अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने उनकी सेहत के बारे में एक अपडेट शेयर किया है। उन्होंने अपने फॉलोअर्स से अपील की है कि वे बिना पुष्टि वाली खबरों पर भरोसा न करें। अभिनेत्री ने भरोसा दिलाया है कि आध्यात्मिक गुरु बिल्कुल ठीक हैं और फिलहाल एकांत में आराम कर रहे हैं।
ईशा गुप्ता ने किया पोस्ट
शनिवार को अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की और सभी से गुजारिश की कि वे गलत जानकारी न फैलाएं। एक्ट्रेस ने लिखा, “राधे राधे, एक छोटा सा अपडेट… प्रेमानंद जी बिल्कुल ठीक हैं और एकांत में आराम कर रहे हैं। कृपया झूठी और नकारात्मक खबरें फैलाना बंद करें। उनके सभी अनुयायियों से गुजारिश है कि वे अपनी रोजाना की साधना जारी रखें और आइए हम सब मिलकर सबके लिए प्रार्थना करें, राधे राधे।”
बता दें कि पिछले साल यूट्यूबर एल्विश यादव द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में आध्यात्मिक गुरु ने बताया था कि उनकी दोनों किडनी फेल हो चुकी हैं। उन्होंने कहा, “अब सेहत कैसे ठीक होगी, दोनों किडनी फेल हैं।” रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रेमानंद महाराज का डायलिसिस होता है और पिछले कुछ सालों में उन्होंने बहुत से भक्तों के उन प्रस्तावों को ठुकरा दिया है, जिन्होंने उन्हें किडनी दान करने की पेशकश की थी।
Khabar Monkey
राज कुंद्रा ने भी ऑफर की थी किडनी
बीते साल शिल्पा शेट्टी के पति बिजनेसमैन राज कुंद्रा ने भी प्रेमानंद महाराज को किडनी ऑफर की थी, लेकिन आध्यात्मिक गुरु ने उनके प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। राज ने कहा, “मैं पिछले दो सालों से आपको फॉलो कर रहा हूं। सोशल मीडिया पर आप हर जगह छाए हुए हैं। जब मैं यहां आ रहा था, तो मैं सोच रहा था कि उनसे क्या सवाल पूछूं और मेरे मन में जो भी सवाल आते थे, आप इंस्टाग्राम के जरिए उनका जवाब दे देते थे।
आज का युवा और पूरा समाज आपको फॉलो कर रहा है। आपकी शिक्षाएं बहुत मददगार हैं। अभी मेरे पास पूछने के लिए कोई सवाल नहीं है, लेकिन मुझे पता है कि पिछले दो दशकों से आपकी किडनी खराब है। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि अगर मैं कभी भी आपके किसी काम आ सकूं, तो मैं अपनी एक किडनी आपको डोनेट करना चाहता हूं।” इसके जवाब में प्रेमानंद महाराज ने कहा, “नहीं, प्लीज। आप स्वस्थ और खुश रहें… बस मैं यही चाहता हूं। भगवान की कृपा से, मैं बिल्कुल ठीक हूं।”





