नई दिल्ली. आज के समय में ज्यादातर लोग अच्छी सैलरी, बड़ा पद और आरामदायक नौकरी पाने का सपना देखते हैं. खासकर आईटी सेक्टर में नौकरी को एक सुरक्षित और प्रतिष्ठित करियर माना जाता है. लेकिन एक महिला ने अपनी जिंदगी में ऐसा फैसला लिया, जिसने हजारों लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया. इस महिला ने आईटी मैनेजर की नौकरी छोड़कर ऑटो चलाना शुरू कर दिया. हैरानी की बात यह है कि अब वह पहले से ज्यादा खुश है और हर महीने करीब 60 हजार रुपये की कमाई भी कर रही है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुई कहानी
यह कहानी तब चर्चा में आई जब एक बिजनेसमैन और कंपनी के सीईओ ओ नेजरिन मिधलाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि एक दिन उनकी मुलाकात एक महिला ऑटो चालक से हुई. पहली नजर में महिला आत्मविश्वासी, खुशमिजाज और अपने काम से संतुष्ट दिखाई दी. जब उन्होंने महिला से उसके काम और जीवन के बारे में पूछा, तो जो जवाब मिला उसने उन्हें हैरान कर दिया.
Khabar Monkey
9 साल तक आईटी इंडस्ट्री में किया काम
बातचीत के दौरान महिला ने बताया कि वह पहले करीब 9 साल तक आईटी इंडस्ट्री में मैनेजर के पद पर काम कर चुकी है. उसके पास अच्छी नौकरी, सम्मानजनक पद और बेहतर करियर था. बाहर से देखने पर उसकी जिंदगी सफल नजर आती थी, लेकिन हकीकत कुछ और थी. नौकरी के साथ लगातार तनाव, दबाव और चिंता भी जुड़ी हुई थी. लंबे समय तक ऑफिस का काम, लगातार मीटिंग, टारगेट पूरे करने का दबाव और मानसिक तनाव उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुके थे. धीरे-धीरे उसे महसूस होने लगा कि वह नौकरी तो कर रही है, लेकिन अपनी जिंदगी का आनंद नहीं ले पा रही है.
मानसिक शांति के लिए लिया बड़ा फैसला
काफी सोच-विचार के बाद महिला ने अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा फैसला लिया. उसने आईटी सेक्टर की नौकरी छोड़ दी और ऑटो चलाने का काम शुरू कर दिया. यह फैसला आसान नहीं था, क्योंकि ज्यादातर लोग अच्छी-खासी नौकरी छोड़ने के बारे में सोच भी नहीं पाते. लेकिन महिला ने पैसा और पद से ज्यादा अपनी मानसिक शांति और खुशी को महत्व दिया.





