राजस्थान रॉयल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने कहा कि इस आईपीएल सत्र में अभियान चुनौतीपूर्ण रहने के बावजूद उनकी टीम ने लगातार ‘सकारात्मक क्रिकेट’ खेलने पर जोर दिया।
इस सत्र में रॉयल्स के लिये लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले जुरेल ने कहा कि विकेट के पीछे उनका काम रणनीति से बढकर था खासकर युवा गेंदबाजों और पहली बार खेल रहे क्रिकेटरों के साथ काम करने को लेकर जो अक्सर घबराहट और आत्मविश्वास की कमी से जूझते हैं।
जुरेल ने जियोस्टार से कहा ,‘‘ एक विकेटकीपर के तौर पर जब मैं गेंदबाजों से बात करता हूं तो मैं उनसे कभी नहीं कहता कि कैसी गेंदबाजी करनी है। मैं इतना ही कहता हूं कि अपना समय लो, आप अच्छा करोगे और इसलिये ही यहां हो।’’
Khabar Monkey

उन्होंने कहा ,‘‘ मैं उन्हें आत्मविश्वास देने पर फोकस करता हूं। मैं उनसे कहता हूं कि खुद पर भरोसा रखो। जो भी गेंद डालनी हो, उस पर अडिग रहो। जरूरत से ज्यादा मत सोचो। हमें अच्छी क्रिकेट खेलनी होगी। हमें सकारात्मक खेल दिखाना होगा।’’
जुरेल ने यह भी कहा कि ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक बातचीत का काफी अच्छा असर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि साथी खिलाड़ियों से साझा की हुई बातें बल्लेबाजी के लिये मैदान पर उतरते समय उनके जेहन में रहती है और इससे टीम में स्वस्थ माहौल बनाने में मदद मिलती है।
मध्यक्रम में शांतचित्त होकर खेलने वाले जुरेल ने कहा कि उनका फोकस स्ट्राइक बदलते रहने और यशस्वी जायसवाल तथा वैभव सूर्यवंशी जैसे आक्रामक बल्लेबाजों की मदद करने पर रहता है जिससे अच्छी साझेदारियां बनती है।





