Chilli Cheese Toast Recipe: शाम की चाय हो या सुबह का नाश्ता बच्चों से लेकर बड़े तक अक्सर कुछ नया और मजेदार खाने की डिमांड करते हैं। गर्मी के समय ज्यादा समय किचन में बिताना बहुत भारी हो जाता है। ऐसे में आप झटपट कुछ टेस्टी और स्वादिष्ट रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। चिल्ली चीज टोस्ट एक ऐसी रेसिपी है जो कम समय में तैयार हो जाती है और स्वाद के मामले में भी किसी से कम नहीं है। कुरकुरी ब्रेड पर चीज और मसालों का मिश्रण हर बाइट को खास बनाता है। यही वजह है कि यह डिश बच्चों से लेकर बड़े तक सभी की पसंदीदा बन जाती है।

इस खास चिल्ली चीज टोस्ट की ये खास रेसिपी शेफ रणवीर बरार ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है। इसे आप सुबह के नाश्ते, बच्चों की फरमाइश या शाम के स्नैक के तौर पर बना सकते हैं।
Khabar Monkey
सामग्री
4-5 ताजी हरी मिर्च – कटी हुई
½ रेड बेल पेपर – कटा हुआ
2 लौंग, लहसुन – कटा हुआ
2 चम्मच धनिया पत्ता – कटा हुआ
1 चम्मच मक्खन
1 कप प्रोसैस्ड चीज
4 स्लाइस ब्रेड
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक बाउल में बारीक कटी हुई मिर्च, लाल शिमला मिर्च, लहसुन, हरा धनिया, मक्खन और प्रोसेस्ड चीज डालें। अब सभी चीजों को सामग्री को अच्छी तरह से मिलाएं जिससे एक स्मूद और क्रीमी मिश्रण तैयार हो जाए।
इसके बाद एक पैन को मध्यम आंच पर गर्म करें। ब्रेड स्लाइस को पैन पर रखें और एक तरफ हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। जब ब्रेड एक तरफ से अच्छी तरह टोस्ट हो जाए तो उसे पैन से निकालें। अब तैयार मिश्रण को समान रूप से ब्रेड स्लाइस पर फैलाएं। अब ब्रेड को फिर से बिना टोस्ट वाली साइड से पैन पर रखें। जब चीज पिघल जाए तो गैस बंद कर दें।
अब इस तैयार चिल्ली चीज टोस्ट को पैन से निकालें और अपनी पसंद के आकार में काट लें। इसे केचप या चटनी के साथ सर्व करें। अगर आपको तीखा स्वाद पसंद है तो मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं। वहीं बच्चों के लिए इसे कम मसालेदार बनाया जा सकता है। बाहर कैफे का महंगा फूड खाने की जगह आप इसे आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं और परिवार के साथ इसका आनंद ले सकते हैं।





