CrimeViral

विला में हिडन कैमरे, हुस्न का जाल और फर्जी अफसर; गोवा के सबसे बड़े सेक्सटॉर्शन गैंग का सरगना सलमान गिरफ्तार, कहानी पूरी फिल्मी!

विला में हिडन कैमरे, हुस्न का जाल और फर्जी अफसर; गोवा के सबसे बड़े सेक्सटॉर्शन गैंग का सरगना सलमान गिरफ्तार, कहानी पूरी फिल्मी!

Goa Extortion Gang Leader Salman Khan Arrested: उत्तराखंड एसटीएफ और गोवा पुलिस ने एक साझा ऑपरेशन में देश के सबसे शातिर और हाई-प्रोफाइल सेक्सटॉर्शन गैंग के सरगना सलमान खान को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है. बीते तीन साल से कानून की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा सलमान बेहद फिल्मी अंदाज में अपना सिंडिकेट चला रहा था. ये गैंग बेहद अमीर कारोबारियों को हुस्न के जाल में फंसाकर उनसे करोड़ों रुपये की वसूली करता था.

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि देहरादून के माजरा का रहने वाला मुख्य आरोपी सलमान खान, गोवा के मापुसा थाना क्षेत्र में दर्ज करोड़ों रुपये के सेक्सटॉर्शन और ब्लैकमेलिंग के मुकदमे में वॉन्टेड था. शनिवार को नेहरू कॉलोनी इलाके से उसे दबोच लिया गया, जिसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गोवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है.

ऐसे बुना जाता था जाल

एसटीएफ की पूछताछ में सलमान ने अपने काले धंधे का जो तरीका (Modus Operandi) बताया, वह किसी थ्रिलर फिल्म की स्क्रिप्ट जैसा है. सलमान ने दिल्ली, सहारनपुर और हरिद्वार के शातिर दिमाग दोस्तों के साथ मिलकर एक संगठित गैंग तैयार किया था. इस गैंग में निवेदिता शर्मा नाम की एक महिला सदस्य भी शामिल थी.

गैंग का काम करने का तरीका बेहद शातिर था. गैंग की महिला सदस्य सोशल मीडिया के जरिए देश के बड़े और अमीर कारोबारियों को टारगेट करती थीं और उनसे नजदीकियां बढ़ाती थीं. जब कारोबारी जाल में फंस जाता, तो उसे मिलने के बहाने गोवा के किसी आलीशान किराए के विला या फाइव स्टार होटल में बुलाया जाता था. पीड़ित के आने से पहले ही उस विला या कमरे में योजनाबद्ध तरीके से हिडन (छिपे हुए) कैमरे लगा दिए जाते थे, ताकि अश्लील वीडियो रिकॉर्ड की जा सके.

फर्जी ‘नारकोटिक्स अफसर’ बनकर एंट्री और करोड़ों की डकैती

इस गैंग की सबसे खौफनाक और फिल्मी स्क्रिप्ट तब शुरू होती थी जब कारोबारी विला में महिला के साथ होता था. ऐन वक्त पर सलमान अपने साथियों के साथ ‘दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो’ का फर्जी पहचान पत्र (Fake ID) दिखाकर विला का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस जाता था. खुद को बड़ा सरकारी अफसर बताकर वे कारोबारी को ड्रग्स और अश्लील रैकेट के केस में जेल भेजने और वीडियो वायरल करने की धमकी देते थे. बदनामी और कानून के डर से कारोबारी घुटनों पर आ जाता था. इसके बाद आरोपी पीड़ित को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करते थे और मामले को रफा-दफा करने के एवज में करोड़ों रुपये वसूल लेते थे. मुंबई के एक नामी कारोबारी को भी इसी तरह गोवा के विला में बंधक बनाकर करोड़ों रुपये ऐंठे गए थे.

देशव्यापी सिंडिकेट का भंडाफोड़

गोवा पुलिस ने पहले भी सलमान को पकड़ने के लिए देहरादून में उसके घर पर दबिश दी थी, लेकिन वह हर बार चकमा देकर भागने में सफल रहता था. इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है. सलमान की गिरफ्तारी के बाद अब उसके बाकी साथियों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. पूछताछ में सलमान ने अपने जिन साथियों के नाम उगले हैं, उनमें इमाद (सहारनपुर), निवेदिता शर्मा (दिल्ली), भुवन अरोड़ा (हरिद्वार) के साथ-साथ फैजान फरजान, मो. आयान, मोहम्मद वसीद और यासर शामिल हैं. पुलिस अब इन सभी की तलाश में दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड में छापेमारी कर रही है और जल्द ही कुछ और बड़े चेहरों की गिरफ्तारी की उम्मीद है.

Leave a Reply