CrimeViral

कैशियर को ‘बॉस’ कहने पर टोका तो ले ली जान! कर्नाटक में 6 महीने पहले दूल्हा बने बेकसूर की सरेआम हत्या

कैशियर को ‘बॉस’ कहने पर टोका तो ले ली जान! कर्नाटक में 6 महीने पहले दूल्हा बने बेकसूर की सरेआम हत्या

Mandya Bar Murder Case: कर्नाटक के मांड्या जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां मद्दुर तालुक के के. होन्नालगिरे गांव में एक स्थानीय बार के बाहर 26 साल के एक बेकसूर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. दिल दहला देने वाली बात ये है कि मृतक सुनील की शादी को अभी सिर्फ 6 महीने ही हुए थे. पुलिस के मुताबिक, सुनील एक ऐसी खूनी साजिश का अनजाने में शिकार बन गया, जो असल में किसी और को मौत के घाट उतारने के लिए रची गई थी. मांड्या की पुलिस अधीक्षक (SP) वी.जे. शोभारानी ने शनिवार को इस कत्ल का सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि इस वारदात के सिलसिले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

बार के अंदर छिड़ा था विवाद

यह पूरी घटना 19 मई को ‘दीपा बार’ के अंदर शुरू हुई. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी निशांत (निवासी अज्जाहल्ली) बार में बैठकर शराब पी रहा था. नशे की हालत में वह बार-बार काउंटर पर बैठे कैशियर को बॉस… बॉस… कहकर जोर-जोर से बुला रहा था. पास की टेबल पर अपने दोस्तों के साथ बैठे सुनील को निशांत का यह अजीब तरीका पसंद नहीं आया. सुनील ने सामान्य लहजे में अपने दोस्तों से पूछ लिया कि यह कैसा बॉस है? निशांत ने यह कमेंट सुन लिया और वह आगबबूला हो गया. देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच जोरदार बहस छिड़ गई. उस वक्त दोस्तों ने बीच-बचाव कर बार के अंदर मामला शांत करा दिया, लेकिन निशांत के सिर पर खून सवार हो चुका था.

कार में रखा था कत्ल का सामान

पुलिस कप्तान वी.जे. शोभारानी ने बताया कि यह मर्डर पहले से तय नहीं था. दरअसल, निशांत ने अशोक नाम के एक शख्स से 5 लाख रुपये उधार लिए थे. अशोक लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था, जिससे परेशान होकर निशांत ने उसी रात अशोक को जान से मारने या धमकाने की साजिश रची थी. उसने अपनी कार में एक बड़ा धारदार चाकू (मैचेट) भी छिपाकर रखा था और वह बार में बैठकर अशोक के आने का ही इंतजार कर रहा था. लेकिन अशोक के आने से पहले ही बार के अंदर सुनील से उसकी कहासुनी हो गई. जब सुनील अपने दोस्तों सतीश और सिद्दाराजू के साथ मोटरसाइकिल से घर लौटने लगा, तो निशांत और उसके साथियों (कार्तिक और रवि) ने कार से उनकी बाइक का पीछा किया और बीच सड़क पर उन्हें रोक लिया.

आधी रात को घेरा और उतार दिया मौत के घाट

कार से उतरे हमलावरों ने सुनील पर अचानक अपनी गाड़ी से निकाले गए घातक हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. सुनील को खून से लथपथ तड़पता छोड़ आरोपी मौके से फरार हो गए. सुनील के दो दोस्त किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे. गंभीर रूप से जख्मी सुनील को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया. मद्दुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने एक स्पेशल टीम का गठन किया और मुख्य आरोपी निशांत, कार्तिक और रवि को धर दबोचा. इस खौफनाक वारदात ने के. होन्नालगिरे इलाके में बार और देर रात होने वाली हिंसा को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और चिंता पैदा कर दी है. कत्ल की आगे की जांच जारी है.

Leave a Reply