बिहार की माटी से निकलकर मुंबई की सिनेमाई गलियों में छा जाने वाला हीरो मनोज बाजपेयी एक बार फिर दमदार कहानी के साथ लौट रहे हैं। गैंगस्टर से लेकर समलैंगिक और पुलिस से लेकर इंटेलीजेंस ऑफिसर्स जैसे किरदारों में रंग भरने वाले एक्टर मनोज बाजपेयी इन दिनों गवर्नर के रोल में लौट रहे हैं। फिल्म का नाम है गवर्नर है और ये रिलीज हो रही है 12 जून 2026 को।

देश की अर्थव्यस्था संभलने की कहानी
मनोज बाजपेयी ने अपनी आगामी फिल्म ‘गवर्नर’ के बारे में खुलकर बात की, जो 1990 के दशक के देश के आर्थिक संकट से प्रेरित है। चिनमय मंडलेकर द्वारा निर्देशित ‘गवर्नर’ में अदा शर्मा और नौशाद मोहम्मद कुंजू भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म के बारे में बात करते हुए बाजपेयी ने कहा कि यह प्रोजेक्ट भारत के आर्थिक संकट पर आधारित है और आरबीआई के पूर्व गवर्नर एस वेंकिटारमनन से प्रेरित है। मनोज ने कहा, ‘जब हमारा देश वित्तीय संकट से गुजर रहा था, जिसमें भुगतान संतुलन से संबंधित संकट था, हमारा विदेशी मुद्रा भंडार गिर रहा था, तब अचानक उनकी नियुक्ति हो गई। उनका कोई निर्धारित नाम नहीं था। इस पद के लिए पहले से ही एक व्यक्ति नियुक्त है। इसके बाद जब आरबीआई गवर्नर का कार्यकाल समाप्त होगा, तब वे अगले गवर्नर बनेंगे। दो-तीन नाम हैं, या फिर तुरंत ही उनका नाम अगले गवर्नर के रूप में आ जाता है। लेकिन उनका कोई निर्धारित नाम नहीं था। राजीव गांधी (पूर्व प्रधानमंत्री) की सिफारिश पर चंद्र शेखर जी (पूर्व प्रधानमंत्री) की सरकार थी, ये आए थे और उस समय मनमोहन सिंह उनके समानांतर काम कर रहे थे। उनकी सोच, उनकी पूरी रणनीति, लीक से हटकर थी। जिसके बारे में कोई सोच भी नहीं रहा था और इसमें बड़ा जोखिम था। उन्होंने महसूस किया कि अगर हम ऐसा नहीं करेंगे, तो मामला बिगड़ जाएगा, हमारा देश दिवालिया हो जाएगा। इसलिए, उन्होंने अपने दिमाग का इस्तेमाल किया, उन्होंने रणनीति तैयार की, जिसके कारण बहुत कुछ बदल गया।’
Khabar Monkey
हर किरदार में भर चुके हैं रंग
मनोज बाजपेयी बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर हैं और सिनेमा से लेकर ओटीटी और टीवी के साथ थियेटर में भी अपना नाम कमा चुके हैं। अब तक 104 फिल्मों में काम कर चुके बिहार के लाल मनोज ने अपने करियर की शुरुआत थियेटर से की थी। दिल्ली में बैरी जॉन के साथ प्ले किए और खूब ऐड़ियां रगड़ीं। इसके बाद सिनेमाई दुनिया में नाम कमाने के लिए मुंबई चले गए। यहां शुरुआत में टीवी में काम किया और फिर रिलीज हुई फिल्म सत्या। साल 1998 में आई इस फिल्म में मनोज ने एक गैंगस्टार का रोल प्ले किया और दिलों पर छा गए। इसके बाद मनोज ने शूल में एक पुलिस अधिकारी का किरदार ऐसे निभाया कि आज भी उसकी दीवानगी देखने को मिलती है। अपनी धारदार एक्टिंग के लिए पहचाने जाने वाले मनोज ने एक समलैंगिक किरदार भी निभाया है और इस फिल्म का नाम है अलीगढ़। हालांकि ये फिल्म कोई खास नहीं चली लेकिन कहानी पसंद लोगों के दिलों में उतर गई। बीते दिनों फैमिली मैन सीरीज में एक इंटेलीजेंस एजेंट बनकर खूब गदर काटा था। अब गवर्नर बनकर जल्द ही देश की अर्थव्यवस्था की संभलती कहानी के साथ लौट रहे हैं।
–





