शहरों में लोग अपनी बालकनी, घर के अंदर और छत पर गार्डनिंग करते हैं। इसमें फल, सब्जियां, रंग-बिरंगे फूल और तरह-तरह के हरे पौधे लगे होते हैं। बालकनी में अगर बेहतर तरीके से गार्डनिंग की जाए तो यह पूरे घर के माहौल को बदल सकती है। इसके लिए लोग काफी मेहनत करते हैं और महंगे स्टैंड भी खरीदते हैं। लेकिन थोड़ी सी क्रिएटिविटी की मदद से आप अपनी बालकनी को कम खर्च में और भी ज्यादा सुंदर बना सकते हैं।

जिन मिट्टी के बर्तनों का आप खाना बनाने में इस्तेमाल करते हैं, उन्हीं से आप अपनी बालकनी को एक अलग और आकर्षक लुक दे सकते हैं। इन मिट्टी के बर्तनों में आप रंग-बिरंगे फूल लगा सकते हैं, जो वातावरण ताजा और सुगंधित बनाए रखने में मदद करते हैं। शाम की हल्की हवा में इनकी भीनी-भीनी खुशबू पूरे घर के माहौल को बदल सकती है। आइए जानते हैं कैसे मिट्टी के बर्तनों से अपनी बालकनी को अलग लुक दें।
पहला तरीका
अलग-अलग आकार के मिट्टी के तीन बर्तन ले लें। पहला मिट्टी का तसला जो बड़े आकार का होना चाहिए। दूसरा भी मिट्टी का तसला लें जो आकार में पहले वाले से छोटा हो। अब एक छोटा मटका जो इनके ऊपर फिट आ जाए वह खरीद लें या फिर घर में पड़े पुराने कलश का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आप चाहें तो इन्हें अपने मनपसंद के रंग से पेंट कर नया आकार भी दे सकते हैं।
अब सबसे पहले नीचे बड़ा तसला रखें, उसके ऊपर मीडियम साइज वाला तसला रखें। अब सबसे ऊपर कलश या मटके को रखें। इसके बाद सभी में खाद मिली हुई मिट्टी भर दें। अब इसमें परतों की तरह पोर्टुलाका के छोटे पौधे लगाएं। आप नर्सरी से इसके पौधे खरीद सकते हैं। अगर पौधा बड़ा है, तो उसके डंठल को तोड़कर नीचे दोनों तसलों में गोलाई में सजा सकते हैं। ये दिखने में काफी आकर्षक लगते हैं। इन्हें आप बालकनी के कार्नर में रखें जहां 3-4 घंटे की धूप मिले और इन्हें बार-बार हिलाना न पड़े।
दूसरा तरीका
एक मीडियम साइज का मटका लें और उसे अपने पसंदीदा रंग से पेंट कर दें। जब पेंट सूख जाए तो मटके में खाद वाली मिट्टी भर के उसमें किसी भी फूल का पौधा लगा दें। अब इसके किनारों पर रस्सी लगाकर हैंगिंग बना लें। इसी तरह आप 2-3 और तैयार कर लें। इसे आप अपनी बालकनी में टांग सकते हैं, जो दिखने में काफी सुंदर लगेगा। इसमें जब फूल खिलेंगे तो ये बालकनी को और भी ज्यादा आकर्षक बना देंगे।
तीसरा तरीका
बालकनी को आकर्षक और देसी टच देने के लिए एक मिट्टी का बड़ा तसला लें और उसमें मॉस रोज लगा दें। इसके डंठलों को किनारों तक फैला दें। जब इसमें फूल खिलेंगे तो यह काफी सुंदर दिखेगा। थोड़ा और सुंदर बनाने के लिए इसके चारों तरफ छोटे-छोटे मटके रख दें और उनमें फूल के पौधे लगा दें। इस तरह आप मिट्टी के बर्तनों की मदद से अपनी बालकनी को काफी आकर्षक बना सकते हैं।
Khabar Monkey





