’16 दिसंबर’, ‘जुर्म’ और ‘इमरजेंसी’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुके अभिनेता-मॉडल मिलिंद सोमन अक्सर अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर सुर्खियों का हिस्सा बने रहते हैं। एक्टर के निजी जीवन की बात करें, तो उन्होंने दो शादियां की। पहली शादी साल 2006 में माइलेन जैम्पानोई से की, लेकिन दोनों का रिश्ता कुछ खास नहीं चला और इनके रास्ते 2009 में अलग हो गए।

इसके बाद उन्होंने 26 साल छोटी अंकिता कोंवर को लंबे समय तक डेट किया और फिर दोनों ने 2018 में शादी कर ली। हालांकि, अंकिता के साथ रिलेशन में आने से पहले मिलिंद एक्ट्रेस शहाना गोस्वामी के साथ एक लंबे रिश्ते में थे। अब हाल ही में शहाना ने एक पॉडकास्ट में बात करते हुए अभिनेता के साथ अपनी लव स्टोरी और ब्रेकअप के बारे में खुलकर बात की है। चलिए आपको विस्तार से बताते हैं कि शहाना ने क्या कहा है।
यह भी पढ़ें:
मिलिंद की फिल्म देखकर दीवानी हो गई थीं शहाना
सिद्धार्थ कन्नन के साथ बात करते हुए शहाना ने कहा, “जब मैं 16-17 साल की थी, तब मैं दिल्ली में थी। उस समय मिलिंद की एक फिल्म (Rules: Pyaar Ka Superhit Formula) रिलीज हुई थी। मेरे स्कूल के दोस्त और मैं वह फिल्म देखने गए थे। उस समय मैंने सोचा कि हम एक मॉडल की फिल्म देखने क्यों जा रहे हैं? उसमें एक्टिंग बहुत खराब होगी, लेकिन मूवी में मिलिंद को देखकर मैं खो गई। उन्होंने बहुत अच्छी एक्टिंग की थी। मूवी भी बहुत प्यारी थी।”
ऐसे शुरू हुई शहाना और मिलिंद की बात
अभिनेत्री ने आगे कहा, “फिल्म देखने के बाद मैं उनकी दीवानी हो गई थी। देखिए किस्मत ने कैसा खेल खेला। मैं उन्हें चिट्ठियां भेजने के लिए इंटरनेट पर उनका पता ढूंढ़ने की कोशिश कर रही थी और तभी मुझे उनका लैंडलाइन नंबर मिल गया। उस समय मेरे पिता ने मुझे एक सेलफोन गिफ्ट किया था, जो मेरी उम्र में मिलना बहुत ही अनोखी बात थी। मिलिंद ने अपना सेलफोन नंबर अपनी आंसरिंग मशीन पर छोड़ रखा था। मैंने उन्हें टेक्स्ट किया और उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उन्होंने तुरंत जवाब दिया।”
शहाना ने आगे कहा, “छह साल तक हमारी बातचीत सिर्फ टेक्स्ट मैसेज पर हुई, हमने कभी फोन पर बात नहीं की। असल में मैं उनकी एक दीवानी फैन थी, लेकिन जब भी मैं उन्हें चिट्ठियां लिखती थी, तो मेरा मकसद उस इंसान से जुड़ना होता था। मैंने कभी भी एक पागल फैन की तरह यह नहीं लिखा कि मैं उनसे प्यार करती हूं। मैं कॉलेज के लिए मुंबई चली गई और हम सिर्फ तीन बार मिले। हम बस इत्तेफाक से एक-दूसरे से टकरा गए। छह साल बाद जब हम दोनों ही सिंगल थे, तो मैंने उन्हें मैसेज किया और फिर हमने डेटिंग शुरू कर दी।”
उम्र के फासले पर क्या बोलीं शहाना
जब शहाना गोस्वामी से पूछा गया कि क्या मिलिंद सोमन और उनके बीच 21 साल का उम्र का फर्क उन्हें परेशान करता था, तो शहाना ने जवाब दिया, “उस समय मुझे ऐसा कभी महसूस नहीं हुआ। मैं अपनी उम्र से कहीं ज्यादा समझदार थी। हमारे परिवार में भी हम हमेशा बहुत खुले विचारों वाले रहे हैं। हमारे माता-पिता के साथ हमारा दोस्ती वाला था, इसलिए हम अपने उनके साथ सब शेयर करते थे और हर बात पर चर्चा करते थे। बचपन से ही मुझे हमेशा ऐसा लगता था कि मैं एक बड़ी हो चुकी इंसान हूं।”
Khabar Monkey
उन्होंने आगे कहा, “मुझे उस लिहाज से उम्र का फर्क महसूस नहीं हुआ। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा, जैसे वह अक्सर कहते थे कि आपकी खुशी या दुख के लिए कोई और जिम्मेदार नहीं है। यह एक बहुत अहम सीख थी और मुझे लगा कि यह बात मेरे दिल को छू गई। हमारे रिश्ते के मामले में भी मैं बहुत ईमानदार बात करने वाली और हर बात पर खुलकर चर्चा करने वाली इंसान थी।”
कैसे हुआ दोनों का ब्रेकअप
लास्ट में शहाना गोस्वामी ने 2013 में अपने अलग होने की वजह के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “यह सब सही समय की बात है। आखिर तक हम एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे। जब आपको लगता है कि कोई रिश्ता ठीक से चल नहीं पा रहा है, तो आपको उसे जाने देना पड़ता है। मैं उस दौर से गुजर रही थी, जब मुझे यह एहसास हुआ कि मैं ऐसी इंसान नहीं हूं जो किसी रिश्ते में बंधकर रह सके। मैं प्यार पर बहुत गहरा यकीन रखती हूं, लेकिन मैं आजादी में भी यकीन रखती हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “समय के साथ मैंने यह सीखा है कि अगर आप लोगों को अपने साथ बांधकर रखते हैं, तो वह प्यार नहीं है, उन्हें आजाद रहने दें। हमारे बीच एक यह फर्क भी था। हमें स्वाभाविक रूप से यह एहसास हो गया था कि अब हम एक-दूसरे के लिए सही नहीं हैं। हम एक-दूसरे से बहुत प्यार करते हैं, लेकिन रिश्ते से हमारी उम्मीदें अलग-अलग हैं।”
जब उनसे पूछा गया कि ब्रेकअप से उबरने में उन्हें कितना समय लगा, तो शहाना ने कहा, “एक तरह से कहूं तो तुरंत ही, क्योंकि मैं वैसी ही जिंदगी जी रही थी जैसी मैं जीना चाहती थी। उस समय मुझे लगा था कि शायद रिश्ते मेरे लिए बने ही नहीं हैं। रिश्तों का जो आम फ़ॉर्मूला होता है, वह मुझ पर लागू नहीं होता।”





