मुंबई के बांद्रा स्थित जोया अख्तर और रीमा कागती के प्रोडक्शन हाउस टाइगर बेबी में कथित चोरी का मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑफिस से करीब 13 लाख रुपये कीमत की 66 हार्ड डिस्क गायब हो गईं, जिनमें फिल्मों और वेब सीरीज से जुड़ा अहम डेटा स्टोर था।

बताया जा रहा है कि स्टोरेज ड्राइव्स को संभालकर रखने वाले एक कर्मचारी ने इनमें से 24 हार्ड डिस्क ग्रे मार्केट में बोरीवली निवासी एक व्यक्ति को 15 से 20 हजार रुपये प्रति डिस्क के हिसाब से बेच दीं। इन हार्ड डिस्क की स्टोरेज क्षमता 16TB से 72TB तक थी। इनमें अनरिलीज्ड फुटेज, रफ कट्स, एडिटेड कंटेंट, पोस्ट-प्रोडक्शन मटेरियल, बैकअप फाइल्स और फिल्मों-ओटीटी प्रोजेक्ट्स का डेटा मौजूद था।
Khabar Monkey
बताया जा रहा है कि इसमें ‘मेड इन हेवन’ और ‘घोस्ट स्टोरीज’ जैसे प्रोजेक्ट्स का कंटेंट भी शामिल हैं। कर्मचारियों को 21 मई को ऑफिस में कुछ डिस्क नहीं मिलीं, जिसके बाद जांच में पता चला कि स्टोरेज कैबिनेट में असली हार्ड डिस्क की जगह खाली और खराब बॉक्स रख दिए गए थे। जिसके बाद टाइगर बेबी की एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट और एचआर एडमिनिस्ट्रेटर मेहजबीं मुश्ताक शेख ने बांद्रा पुलिस में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने स्टोरेज कैबिनेट की जिम्मेदारी संभाल रहे कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में 24 डिस्क बेचने की बात कबूल की है।
पुलिस ने खरीदार को भी गिरफ्तार कर लिया है और दोनों को 29 मई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। हालांकि, बाकी 42 हार्ड डिस्क अब तक बरामद नहीं हुई हैं।
पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि कहीं यह गोपनीय कंटेंट ऑनलाइन लीक या शेयर तो नहीं किया गया। वहीं, मामले में एक अन्य कर्मचारी की भूमिका की भी जांच जारी है।





