Viral

गर्मी से उत्तर भारत में मचा हाहाकार! दक्षिण में बारिश, बदल रहा मौसम का मिजाज; आखिर कब मिलेगी राहत?

उत्तर भारत में गर्मी का सितम जारी है. सूर्यदेव का ताप दिनो ब दिन बढ़ता ही जा रहा है. धधकती गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है. तेज धूप और तपती हवाओं ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत हिमाचल और उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में गर्मी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. कई शहरों में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं, क्योंकि गर्म हवाओं ने जनजीवन पर सीधा असर डाला है. बांदा में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि कई दूसरे शहरों में भी पारा लगातार चढ़ रहा है. वहीं देश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी भी हो रही है.

गर्मी से उत्तर भारत में मचा हाहाकार! दक्षिण में बारिश, बदल रहा मौसम का मिजाज; आखिर कब मिलेगी राहत?
गर्मी से उत्तर भारत में मचा हाहाकार! दक्षिण में बारिश, बदल रहा मौसम का मिजाज; आखिर कब मिलेगी राहत?

मौसम विभाग के अनुसार देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी जारी रहने वाली है. मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 4 से 5 दिन तक लू और तेज गर्मी पड़ सकती है. वहीं पूर्वी और दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भी अगले 3 से 4 दिन तक गर्म हवाएं चलने की संभावना है. हालांकि 29 मई के बाद राजस्थान को छोड़कर मध्य, पूर्वी और उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान कम होने लगेगा और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

दिल्ली-NCR में पारा 45 डिग्री के पार
IMD के वैज्ञानिक, अखिल श्रीवास्तव कहते हैं, ‘दिल्ली-NCR और उत्तर-पश्चिमी भारत में, कई जगहों पर अधिकतम तापमान 45°C से ज़्यादा हो गया है, जिससे लू जैसी स्थिति बन गई है. कल दिल्ली में तापमान 43-45°C के बीच दर्ज किया गया. 28 तारीख से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, जब एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित करेगा, जिससे मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान की गतिविधियां होंगी. अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 6-8°C की गिरावट का अनुमान है… अगले 2-3 दिनों में गरज के साथ बारिश में थोड़ी बढ़त की संभावना है. केरल के तट पर इसके आगमन पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है…’

उत्तर-पूर्व भारत में अगले 6-7 दिनों तक भारी बारिश!
दूसरी तरफ उत्तर-पूर्व भारत में अगले 6 से 7 दिन तक भारी बारिश का अनुमान है. वहीं केरल और तमिलनाडु में भी अगले 2 से 3 दिन के दौरान तेज बारिश हो सकती है.
मॉनसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने बताया कि 25 मई 2026 तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है. अगले 2 से 3 दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है.

बीते 24 घंटों में दक्षिण भारत में हुई जोरदार बारिश
पिछले 24 घंटों में केरल और माहे के कई इलाकों में बहुत तेज बारिश हुई. तमिलनाडु, पुडुचेरी, असम, मेघालय, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई. कई राज्यों में तेज हवाओं और आंधी-तूफान का असर भी देखने को मिला. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तराखंड, झारखंड, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में 50 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. वहीं उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में भी तेज आंधी आई.

Khabar Monkey

मध्य भारत में कई हिस्से लू की चपेट में
विदर्भ, हरियाणा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में लू का असर बना रहा. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, पश्चिमी मध्य प्रदेश और ओडिशा में रात के समय भी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली.

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ले ली. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में ओले भी गिरे. तेज हवाओं और बारिश के बाद हुई ओलावृष्टि से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई. कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने लगे. पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक खराब मौसम बने रहने की संभावना जताई है. प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है. खासकर यात्रियों और किसानों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

Leave a Reply