Traffic Jam in Manali: उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं. देश के अधिकांश राज्यों में प्रचंड गर्मी ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया है. वहीं, कुछ जगहों पर लंबी बिजली कटौती के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. यही कारण है कि इस गर्मी से निजात पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों का रुख कर रहे हैं. इस सप्ताहांत मनाली और आस पास के पहाड़ी इलाकों में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसके बाद लंबा ट्रैफिक जाम लग गया.

दरअसल, मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए लोग पहाड़ी क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं और यही कारण है कि यहां पर पयर्टकों की भीड़ बढ़ी है, जिस कारण शहर के बाहर ही जाम का झाम देखने को मिल रहा है. गत शनिवार रात मनाली जाने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. कई घंटों तक लोग सड़कों पर ही फंसे रहे. कई लोगों ने दावा किया कि वह पिछले कई घंटों से सड़कों पर फंसे हैं.
Khabar Monkey
हिमाचल में भी बढ़ा तापमान
भले ही लोग गर्मी से निजात पाने के लिए पहाड़ी राज्यों का रुख कर रहे हो, लेकिन यहां पर भी पिछले कुछ दिनों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया है. हिमाचल के कई शहरों में तापमान में बढ़ोतरी हुई है और गर्मी का असर देखने को मिला है. हैरान करने वाली बात है कि हिमाचल के कई शहरों में मौसम विभाग ने लू और गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की है.
चरमरा गई ट्रैफिक व्यवस्था
पर्यटकों की बढ़ती भीड़ से मनाली और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है, जिसको कंट्रोल करना प्रशासन के लिए एक चुनौती साबित हो रहा है. सोशल मीडिया पर मनाली और रोहतांग की सड़कों पर लंबे जाम के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं.
जानकारों ने क्या कहा?
विशेषज्ञों ने बताया कि गर्मियों के दिनों में हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर हर साल भारी भीड़ देखने को मिलती है, जिसको लेकर प्रशासन पहले से तैयारी बनाए रखने की कोशिश करता है. हालांकि, इस बार अचानक वीकेंड पर बड़ी संख्या में आए पर्यटकों की वजह से ट्रैफिक व्यवस्था काफी खराब हो गई है.
आईएमडी ने जारी किया अलर्ट
भीषण गर्मी के बीच लोगों के मन में बस एक सवाल है कि आखिर बारिश कब होगी. इस बीच मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दो दिनों तक मौसम में कोई बदलाव नजर नहीं आने वाला है. दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम का यही रूप देखने को मिलेगा. आईएमडी ने लोगों से खुद का बचाव करने की अपील की है.





