नई दिल्ली। दिल्ली के गोविंदपुरी में मां और बेटा की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। मृतका महिला के चचेरे भाई ने दोनों की हत्या की थी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद सौरभ साहू को गिरफ्तार कर लिया है। उसे पैर में गोली लगी है।

मम्मी को मत मारो मामा… और वह चाकू से गोदता रहा। जिस बहन ने उसे कुछ देर पहले प्यार से चाय पिलाई व बिस्कुट खिलाए… उस कलयुगी भाई को बिल्कुल भी रहम नहीं आया। 13 वर्ष के खुशहाल ने मामा के पैर पकड़ लिए और वह चिल्लाता रहा मामा मम्मी को मत मारो। आरोपी मामा सौरभ साहू बहन शारदा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करता रहा। जब शारदा निढाल हो गई तो आरोपी ने मासूम भांजे खुशहाल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।
आरोपी ने दोनों को 15 से 18 वार से ज्यादा चाकू मारे। ये दर्दनाक कहानी गोविंदपुरी में दो दिन पहले हुए दोहरे हत्याकांड की है। पूछताछ के बाद दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डॉ हेमंत तिवारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने शारदा व खुशहाल की हत्या के आरोप में शारदा के चचेरे भाई सौरभ को गिरफ्तार किया है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि आरोपी सौरभ को पता था कि पीड़ित विष्णु का अच्छा व्यवसाय है और उसने 10 लाख रुपये की दो कमेटी उठाई हैं।
Khabar Monkey
वारदात वाले दिन वह करीब पौने आठ बजे अपनी बहन के घर पहुंचा था। वह नौ व दस नंबर गली के बीच में से पीड़ित के घर गया था। मृतका शारदा ने गेट खोला। शारदा ने उसे चाय व बिस्कुट खिलाए। इसके बाद आरोपी शारदा से दो लाख रुपये मांगने लगा और कहा कि उसे फल का व्यवसाय शुरू करना है। शारदा ने कहा कि वह उसके नशे के लिए पैसे नहीं देगी।
इससे पहले भी शारदा उसे ताना दे चुकी थी कि नशा करता है, कुछ काम धंधा नहीं करता। कोई लड़की तेरे से शादी नहीं करेगी। शादी हो जाती तो अब तक बच्चे हो जाते। उसने कई बार पैसे मांगे, जब मृतका ने पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपी आग बबूला हो गया और उसने शारदा पर चाकू से हमला करना शुरू कर दिया।
बेटे खुशहाल ने आरोपी से मां को न मारने की गुहार लगाई, मगर आरोपी को दिल नहीं पसीजा। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मृतका हमेशा उसे उसके भले के लिए डांटती रहती थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी करीब 8 बजकर 23 मिनट पीड़ित के घर से निकला।
वह 10 नंबर गली से गोविंदपुरी से बाहर निकाला था। वह चाकू साथ लेकर आया था। सीसीटीवी कैमरों में उसकी फोटो कैद हो गई थी। पुलिस ने जब आरोपी की फोटो पीड़ित विष्णु को दिखाई तो उसने आरोपी को पहचान लिया था।
महिला के चेचरे भाई ने की थी मां-बेटे की हत्या, मुठभेड़ में गिरफ्तार
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस ने गोविंदपुरी में मां शारदा साहू (38) और बेटा खुशहाल (13) की हत्या की गुत्थी को 72 घंटे में सुलझा लिया गया है। मृतका शारदा के चचेरे भाई सौरभ साहू ने दोनों की हत्या की थी। जिला पुलिस ने मुठभेड़ के बाद सौरभ साहू को शनिवार तड़के तुगलकाबाद एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया है। उसे पैर में गोली लगी है।
आरोपी ने रंजिश के चलते बहन और भांजे की बेरहमी से हत्या कर दी। इसकी वजह यह थी कि मृत महिला उसे उसकी नशे की लत और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए कहती थी। पैसे को लूटना भी इसका उद्देश्य था।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि आरोपी ने छीन-झपट (स्नैचिंग), चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज पिछले मामलों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी के पास से एक अवैध देसी पिस्तौल, कई खोल, वारदात के समय पहने हुए कपड़े और अन्य आपत्तिजनक सबूत व सामान बरामद हुआ है।
पुलिस उपायुक्त ने इस दोहरे हत्याकांड को सुलझाने के लिए गोविंदपुरी थाने का काम देख रहे अंडर ट्रेनी आईपीएस हरनीत सिंह, एसीपी कालकाजी, वीकेपीएस यादव, स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह डागर व नारकोटिक्स प्रभारी इंस्पेक्टर विष्णु दत्त आदि की विशेष टीमें गठित की गईं।





