उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में रिश्ते को शर्मसार करने का मामला सामने आया है, जहां एक रिटायर्ड फौजी ने रिश्ते में लगने वाली भांजी के साथ बंदूक के बल पर दुष्कर्म किया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

मामला रिश्तेदारी से जुड़ा होने के कारण शुरुआत में परिवार ने इसे आपसी बातचीत से सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बाद में छात्रा ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पीड़िता के घर आरोपी का था आना-जाना
पुलिस के अनुसार पीड़ित छात्रा गांव की रहने वाली है और बीडीएस की तैयारी कर रही थी. आरोपी उसका दूर का रिश्तेदार मामा है. परिवार में पहले से जान-पहचान होने के कारण छात्रा और उसके परिजन उस पर भरोसा करते थे. बताया जाता है आरोपी पढ़ाई और करियर को लेकर छात्रा को सलाह देता था और इसी बहाने दोनों के बीच बातचीत होती थी.
आरोपी की धमकी से डर गई थी पीड़िता
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले आरोपी ने उसे जरूरी बात करने के बहाने बुलाया था. वहां आरोपी की हरकतों से वह परेशान हो गई. घटना के बाद छात्रा घर लौट आई, लेकिन डर और बदनामी की वजह से उसने किसी को कुछ नहीं बताया. परिवार वालों को भी काफी समय तक पूरे मामले की जानकारी नहीं थी.
आरोप है कि फौजी ने एक फिर बुलाया और उसके साथ रूम में ले जाकर दुष्कर्म किया. इतना ही धमकाया कि अगर किसी से कहा तो पूरे परिवार की हत्या कर देगा. आरोप है कि उसने छात्रा को पिस्टल दिखाकर धमकाया और रेप किया.
थाने में समझौते की कोशिश, फिर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के मुताबिक छात्रा के परिवार ने शुरुआत में केवल आरोपी को समझाने की बात कही थी. परिवार चाहता था कि मामला ज्यादा न बढ़े इसी वजह से इज्जतनगर थाने में दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराने की कोशिश की गई.
Khabar Monkey
इंस्पेक्टर ने बताया कि बातचीत के दौरान भी आरोपी का व्यवहार ठीक नहीं था. आरोप है कि उसने थाने में ही छात्रा पर दबाव बनाने और डराने की कोशिश की. इसके बाद पीड़ित छात्रा ने महिला पुलिसकर्मी को पूरे मामले की जानकारी दी.
पुलिस के अनुसार आरोपी वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तहरीर मिलने के बाद उसे पकड़ लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने कई बातों को स्वीकार किया. बताया गया कि वह सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद निजी नौकरी कर रहा था.
एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. मेडिकल और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया.
–





