‘डॉन 3’ फरहान अख्तर की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक थी, जिसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका निभाने वाले थे, लेकिन लगभग पांच महीने पहले अचानक खबर आई कि ‘धुरंधर’ अभिनेता ने यह मूवी छोड़ दी। फिर रणवीर और फरहान अख्तर के बीच विवाद शुरू हो गया। अब एफडब्ल्यूआईसीई यह विवाद जल्द खत्म करवा सकता है। दरअसल, फरहान ने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज़ (FWICE) में शिकायत दर्ज करवाई थी। अब संस्था 25 मई को इस मामले पर फैसला लेने वाली है, जिसकी जानकारी सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जाएगी।

एफडब्ल्यूआईसीई के एक बयान के अनुसार, फिल्म संस्था को अपने सहयोगी संगठन, इंडियन फिल्म एंड टेलीविज़न डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) के माध्यम से एक शिकायत मिली है, जिसके सदस्य फरहान हैं। शिकायत और उससे जुड़े हालात का जायजा लेने के बाद, FWICE से किसी फैसले पर पहुंचने की उम्मीद है, जिसकी घोषणा संभवतः कल 25 मई को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जाएगी।
यह भी पढ़ें:
Khabar Monkey
फिल्म संस्था की तरफ से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एफडब्ल्यूआईसीई इस मामले पर आधिकारिक तौर पर बात करेगी और शिकायत तथा संबंधित परिस्थितियों की जांच करने के बाद अपना पक्ष और फैसला बताएगी।” बता दें कि यह फैसला सोमवार को शाम करीब 4 बजे तक आ सकता है।
क्या था ‘डॉन 3’ से जुड़ा विवाद
रणवीर सिंह ने दिसंबर 2025 में फिल्म ‘डॉन 3’ छोड़ दी थी। खबरों के मुताबिक, उन्होंने स्क्रिप्ट में हुए बदलावों को इसकी बड़ी वजह बताया। लेकिन फिल्म के प्रोड्यूसर्स फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी का कहना था कि रणवीर ने पहले फिल्म के लिए हामी भरी थी, जिसके भरोसे प्रोडक्शन हाउस ने प्री-प्रोडक्शन पर काफी पैसा खर्च कर दिया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर लगातार शूटिंग डेट्स और शेड्यूल को लेकर देरी कर रहे थे और आखिर में फिल्म से बाहर हो गए। इसके बाद एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर सिंह से करीब 40 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की। जहां एक तरफ रणवीर इस मामले में चुप रहे, तो वहीं फरहान अख्तर ने पिछले महीने ‘डॉन 3’ से जुड़े विवाद पर खुलकर बात की।
उन्होंने ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ से बात करते हुए कहा, “मैंने जो सीखा है, वह यह है कि आप कभी भी किसी भी चीज की उम्मीद न करें। जब तक कोई चीज फिल्म में शामिल न हो जाए, तब तक आप उसे पक्का नहीं मान सकते। आपको किसी न किसी मोड़ पर यह एहसास हो ही जाता है कि एक ऐसा दौर भी आएगा, जो थोड़ा मुश्किल भरा होगा। आपका अब तक का सफर काफी अच्छा रहा है। कोई बात नहीं, बस इसे सहजता से स्वीकार करें।”
फरहान ने आगे कहा था, “कभी-कभी, जब रुकावटें आती हैं, तो मुझे लगता है कि मुझे बस एक्टिंग पर वापस लौट जाना चाहिए। मुझे इन सब चीजों से निपटना नहीं पड़ेगा।” इस दौरान उन्होंने अपनी मूवी ‘जी ले जरा’ में आई रुकावटों का भी जिक्र किया था, जिसकी घोषणा पांच साल पहले प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ और आलिया भट्ट की कास्ट के साथ की गई थी।
शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन निभा चुके हैं डॉन का किरदार
बता दें कि ‘डॉन 3’ मशहूर ‘डॉन’ फ़्रैंचाइजी की तीसरी किस्त है। इसका पहला और दूसरा पार्ट साल 2006 में आया था और दूसरा साल 2011 में, जिसमें शाहरुख खान लीड रोल में नजर आए थे। वहीं, 1978 में आई ‘डॉन’ में अमिताभ बच्चन और जीनत अमान ने अभिनय किया था। इसकी कहानी फरहान के पिता जावेद अख्तर ने सलीम खान के साथ मिलकर लिखी थी।
यह भी पढ़ें:





