साउथ फिल्मों के सुपरस्टार राम चरण इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर चर्चा में हैं. वो जोर शोर से फिल्म का प्रमोशन कर रहे हैं. हाल ही में एक्टर भोपाल पहुंचे, जहां ‘पेड्डी’ का म्यूजिक लॉन्च इवेंट आयोजित किया गया था. इस दौरान जब एक्टर स्टेज पर आए तो राम चरण से एक बड़ी चूक हो गई. दरअसल, राम चरण ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को क्रिकेट की जहग फुटबॉलर बता दिया. अब इस भूल के लिए राम चरण ने देर रात जसप्रीत से माफी मांगी.

रैपिड फायर राउंड में हुई बड़ी गलती
जब राम चरण स्टेज पर आए तो इवेंट के एंकर ने उनके साथ एक रैपिड फायर राउंड किया. ‘पेड्डी’ में एक्टर क्रिकेटर का रोल प्ले कर रहे हैं तो इस दौरान एंकर ने उनसे क्रिकेट से जुड़े सवाल पूछे. उन्हें कुछ क्रिकेटर्स के नाम दिए गए, जिनके बारे में उनको कुछ कहना था.
जसप्रीत बुमराह के बारे में ये क्या बोल गए राम चरण
सचिन तेंदुलकर के बारे में राम चरण ने कहा कि उनका करियर बहुत लंबा था. महेंद्र सिंह धोनी का नाम लेने पर एक्टर ने उनके शांत व्यवहार की तारीफ की. रोहित शर्मा को राम चरण ने सबका चहेता बताया. विराट कोहली का नाम आने पर एक्टर ने जवाब दिया कि वो फायर हैं, लेकिन लास्ट में जसप्रीत बुमराह के बारे में राम चरण ने कहा, ‘जसप्रीत बुमराह जी में आपका बहुत बड़ा फैन हूं. मैं फुटबॉल से बहुत प्यार करता हूं और आप फुटबॉल को इतना आगे बढ़ा रहे हो.. लव यू सर.’
राम चरण ने देर रात मांगी माफी
इवेंट से सामने आया राम चरण का ये वीडियो तुरंत ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. हालांकि, अपनी इस गलती का एहसास होते ही राम चरण ने देर रात जसप्रीत बुमराह से माफी मांग ली और अपनी भूल को स्वीकार किया.
मैं आपका बहुत बड़ा फैन हूं- राम चरण
जसप्रीत बुमराह को एक्स पर टैग करते हुए राम चरण ने लिखा, उफ्फ… सच बताऊं तो नामों को लेकर मैं कभी-कभी भुलक्कड़ हो जाता हूं. इस मिक्सअप के लिए मैं जसप्रीत बुमराह जी से माफी मांगता हूं. इतनी सारी भीड़ और एक्साइटमेंट के बीच ये एक स्वभाविक सी मानवीय गलती थी. मैं सच में आपकी बहुत इज़्ज़त करता हूं और आपके खेल का बहुत बड़ा फैन हूं. जब आप बल्लेबाजों को बैकफुट पर लगातार रखते हैं तो ये देखकर हर एक भारतीय का सीना गर्व से ऊंचा हो जाता है.’
Khabar Monkey
‘पेड्डी’ के बारे में जानें
‘पेड्डी’ की बात करें तो इस फिल्म के डायरेक्टर बुची बाबू सना हैं. राम चरण फिल्म में बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर के साथ इश्क फरमाते नजर आएंगे. शिव राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु जैसे एक्टर्स भी इस फिल्म का हिस्सा हैं. ये फिल्म 4 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.





