IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स यानी LSG के आखिर लीग मुकाबले में एक ऐसा पल आया, जिसने क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। सालों से बड़े मंच पर मौके का इंतजार कर रहे युवा खिलाड़ी अर्जुन तेंदुलकर ने आखिरकार अपनी मेहनत का असर दिखाया और अपने प्रदर्शन से सिर्फ टीम ही नहीं, बल्कि अपने महान पिता सचिन तेंदुलकर का दिल भी जीत लिया। मैच खत्म होते ही सोशल मीडिया पर आया एक खास संदेश तेजी से वायरल हो गया। दरअसल, सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने 23 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अपना IPL डेब्यू किया और पहली ही मैच में शानदार गेंदबाजी से सबको प्रभावित कर दिया। पंजाब किंग्स के खिलाफ इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जुन ने अपने चार ओवर पूरे किए और 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया। उनका सबसे बड़ा शिकार बने प्रभसिमरन सिंह, जिन्हें उन्होंने घातक यॉर्कर पर LBW आउट किया।

अर्जुन ने गेंद से किया प्रभावित
26 साल के अर्जुन को पावरप्ले खत्म होते ही कप्तान ऋषभ पंत ने गेंद थमाई। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने शुरुआत में शानदार बाउंसरों से प्रभसिमरन को परेशान किया। एक गेंद पर बल्ले का किनारा भी लगा, लेकिन ऋषभ पंत कैच पकड़ने में नाकाम रहे और अर्जुन को पहला विकेट नहीं मिल सका। हालांकि, इस मौके के छूटने के बाद भी अर्जुन ने संयम नहीं खोया। उन्होंने अपना पहला ओवर सिर्फ चार रन देकर खत्म किया। दूसरे ओवर में जरूर श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन ने उन पर कुछ बड़े शॉट लगाए, लेकिन युवा गेंदबाज ने वापसी करते हुए 15वें ओवर में शानदार यॉर्कर डाली, जिस पर प्रभसिमरन 69 रन बनाकर आउट हो गए। इस तरह अर्जुन IPL में अपना चौथा विकेट चटकाने में सफल रहे। डेथ ओवरों में भी अर्जुन ने प्रभावित किया। 17वें ओवर में दबाव के बीच उन्होंने सिर्फ पांच रन दिए और शानदार नियंत्रण दिखाया। वह लखनऊ सुपर जायंट्स के सबसे किफायती गेंदबाज साबित हुए।
बेटे की तारीफ में लिखी इमोशनल पोस्ट
मैच के बाद अर्जुन के पिता सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बेटे के लिए एक भावुक संदेश लिखा। सचिन ने अर्जुन की मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच की जमकर तारीफ की। सचिन ने लिखा- शाबाश अर्जुन। पूरे सीजन जिस तरह तुमने खुद को संभाला, अपनी क्षमता पर भरोसा रखा और मौके का इंतजार करते हुए चुपचाप मेहनत करते रहे, उस पर उन्हें गर्व है। क्रिकेट सिर्फ स्किल ही नहीं, धैर्य की भी परीक्षा लेता है और आज तुमने दोनों को शानदार तरीके से संभाला। हमेशा जमीन से जुड़े रहो और खेल से प्यार करते रहो।
Khabar Monkey
गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर बहुत कम ही सार्वजनिक रूप से अर्जुन के क्रिकेट करियर पर कमेंट करते हैं। इससे पहले उन्होंने 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए अर्जुन के डेब्यू पर प्रतिक्रिया दी थी। ऐसे में यह खास संदेश क्रिकेट फैंस के लिए भी काफी भावुक पल बन गया।





