Viral

मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी में छात्रा की संदिग्ध मौत, गर्ल्स हॉस्टल में मिला शव; छात्रों ने किया प्रदर्शन

Meerut News: मेरठ स्थित IIMT यूनिवर्सिटी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गर्ल्स हॉस्टल में एक छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. मृतक छात्रा की पहचान अन्नू गुप्ता के रूप में हुई, जो एमबीए फाइनल ईयर की छात्रा थी और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की रहने वाली थी. घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया.

मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी में छात्रा की संदिग्ध मौत, गर्ल्स हॉस्टल में मिला शव; छात्रों ने किया प्रदर्शन
मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी में छात्रा की संदिग्ध मौत, गर्ल्स हॉस्टल में मिला शव; छात्रों ने किया प्रदर्शन

सरोजिनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर पर मिला शव

जानकारी के अनुसार, अन्नू गुप्ता सरोजिनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल के कमरा नंबर 67 में रहती थी. बुधवार सुबह हॉस्टल की अन्य छात्राओं ने उसका शव ग्राउंड फ्लोर पर मुंह के बल पड़ा देखा. इसके बाद हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई और विश्वविद्यालय प्रशासन को सूचना दी गई. कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.

प्रारंभिक जानकारी में विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को बताया कि छात्रा सीढ़ियों से गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि, घटना के बाद कई छात्राओं ने इस मामले को लेकर सवाल उठाए और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. कुछ छात्राओं का दावा है कि घटना से पहले वार्डन ने छात्रा को कोई दवा या पदार्थ दिया था. पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है.

Khabar Monkey

छात्रों का प्रदर्शन, यूनिवर्सिटी में छुट्टी घोषित

छात्रा की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र हो गए और विश्वविद्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए. बढ़ते विरोध को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने परिसर के आसपास के रास्तों पर बैरिकेडिंग भी कर दी.

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि एक छात्रा सीढ़ियों से गिर गई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और हॉस्टल व परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल इस घटना ने छात्रों और परिजनों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply