राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में हाईप्रोफाइल सुसाइड रत्ना प्रिया सिंह के मामले में लखनऊ पुलिस ने मुख्य आरोपी शरद सिंह और उसके सहयोगी प्रशांत शर्मा व मंगल यादव को गिरफ्तार कर लिया था। आज पुलिस ने शरद सिंह की पत्नी और 25 हजार की इनामी पल्लवी जोशी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

गोरखपुर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
लखनऊ के चर्चित मानसून सैलून मैनेजर 31 वर्षीय रत्ना सिंह ने 12 मई को सुसाइड कर लिया था। मरने से पहले उसने मानसून सैलून के संचालक शरद सिंह और उसके परिवार पर वीडियो बनाकर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। मंगलवार को मृतका की बहनों ने आरोपियों के गिरफ्तारी के बाद गोरखपुर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया और रत्ना प्रिया सिंह को कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें फांसी की सजा देने की मांग की।
सुसाइड से पहले बनाया वीडियो
बता दें कि गोरखपुर के बिछिया की रहने वाली रत्ना सिंह पुत्री सुधीर सिंह लखनऊ के गोमती नगर विस्तार में मानसून सैलून में मैनेजर थी। 12 मई को रत्ना सिंह ने गोमती नगर स्थिति विस्तार शालीमार विस्टा अपार्टमेंट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने मरने से पहले वीडियो जारी किया था जिसमें शरद सिंह, उसकी पत्नी पल्लवी जोशी, मंगलनाथ यादव वैशाली और प्रशांत शर्मा पर शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। रत्ना ने इन सभी को आत्महत्या का जिम्मेदार बताया था।
Khabar Monkey
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी शरद सिंह और उसके सहयोगी प्रशांत शर्मा एवं मंगल पांडे को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में लखनऊ पुलिस ने मुख्य आरोपी की संपत्तियों पर बुलडोजर व जब्तिकरण की कार्रवाई भी की।
मुंबई से 25 हजार की इनामी पल्लवी जोशी भी गिरफ्तार
वहीं, आज पुलिस ने 25 हजार की इनामी पल्लवी जोशी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पल्लवी जोशी को क्लासिक अपार्टमेंट, पाटलिपुत्र नगर, जोगेश्वर नगर थाना ओशिवारा वेस्ट, मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पल्लवी का मुम्बई में मेडिकल कराया और 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड लेकर लखनऊ लाई और कोर्ट में पेश किया।
रत्ना सिंह की बहनों का छलका दर्द
मंगलवार को रत्ना सिंह की बहनों ने गोरखपुर के पंत पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उसे श्रद्धांजलि दी। बहनों ने बताया कि रत्ना बहुत ही होनहार थी। वह कभी डरती नहीं थी सत्य का साथ देती थी लेकिन उसे उसके साथ इस तरह की घटना यह बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने कहा, आरोपियों को फांसी की सजा के साथ-साथ कुछ ऐसा हो ताकि जो रत्ना आज गई है, फिर किसी और रत्ना के साथ ऐसा ना हो।
(रिपोर्ट- राज श्रीवास्तव)
–





