उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मंगलवार को एक गांव के बाहर पेड़ से लटकता हुआ एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंच गई है।

जामुन के पेड़ से लटकती मिली लाश
सिराथू के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सत्येंद्र तिवारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कोखराज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर असवां गांव के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि गांव के ही एक युवक का शव बाहरी हिस्से में सड़क किनारे एक जामुन के पेड़ से लटक रहा है। मृतक की पहचान गांव के ही निवासी 28 वर्षीय दिलीप कुमार सरोज के रूप में हुई है।
Khabar Monkey
सोमवार से लापता था युवक
पुलिस को दी गई जानकारी में मृतक के परिजनों ने बताया कि दिलीप रोज की तरह सोमवार को भी काम के सिलसिले में प्रयागराज गया था। लेकिन देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार सुबह दिलीप का शव गांव के बाहर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे पेड़ से लटकता हुआ पाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। सिराथू सीओ सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
–





