कान्स फिल्म फेस्टिवल 12 मई को शुरू हुआ था और 23 मई तक चलेगा। शनिवार को इस फिल्म फेस्टिवल में पाकिस्तानी एक्ट्रेस सनम सईद ने डेब्यू किया। इस दौरान उन्होंने ‘शीप इन द बॉक्स’ के प्रीमियर के लिए रेड कार्पेट पर वॉक किया। बता दें कि इस मौके पर सनम ने वेस्टर्न गाउन की जगह खूबसूरत मोर से प्रेरित ट्रेडिशनल ड्रेस पहनी। उन्होंने बालों में गजरा और मांग टीका लगाकर अपने लुक को और खास बनाया। उनकी यह ड्रेस डिजाइनर हुसैन रेहर ने तैयार की थी।

2354 घंटों में तैयार हुई सनम सईद की ड्रेस
सनम सईद के लुक को शेयर करते हुए डिजाइनर ने इंस्टाग्राम पर बताया, “सनम सईद ने 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में कस्टम-मेड हुसैन रेहर आउटफिट पहनकर डेब्यू किया। कान्स के लिए खास तौर पर बनाई गई इस सफेद मोर से प्रेरित ड्रेस पर जरी और मिरर वर्क किया गया था। इस पूरे लुक को तैयार करने में 50 कारीगरों ने 2,354 घंटे मेहनत की।”
शमीम आरा को दिया ट्रिब्यूट
वहीं, रेड कार्पेट पर जाने से पहले सनम सईद ने कान्स 2026 में दिवंगत पाकिस्तानी अभिनेत्री और निर्देशक शमीम आरा को ट्रिब्यूट भी दिया। एक वीडियो में सनम ने कहा, “पाकिस्तानी सिनेमा में महिलाओं की एक मजबूत परंपरा रही है और इसकी शुरुआत बेगम शमीम आरा से हुई। वह अभिनेत्री, निर्माता और निर्देशक थीं। उनकी जिंदगी सिर्फ सफलता और संघर्ष की कहानी नहीं, बल्कि विरासत की मिसाल है।
Khabar Monkey
1960 के दशक में उन्होंने ‘सहेली’ और ‘नायला’ जैसी हिट फिल्मों में काम किया। पुरुष प्रधान इंडस्ट्री में उन्होंने महिलाओं के लिए कैमरे के पीछे काम करने के रास्ते खोले। उनका प्रभाव भले ही शांत रहा हो, लेकिन वह बहुत मजबूत और अहम था।”
कौन हैं सनम सईद?
बता दें कि सनम सईद को मुख्य रूप से ब्लॉकबस्टर सीरीज ‘जिंदगी गुलजार है’ में कशफ मुर्तजा का किरदार निभाने के लिए जाना जाता है। उनके अन्य मशहूर शो में ‘मता-ए-जान है तू’ (2013), ‘तल्खियां’ (2013), ‘कहीं चांद न शरमा जाए’ (2013), ‘फिराक’ (2014), ‘दियार-ए-दिल’ (2015) शामिल हैं। भारत में सनम की लोकप्रियता की मुख्य वजह ‘जिंदगी टीवी’ चैनल पर पाकिस्तानी टेलीविजन शो का टेलीकास्ट होना है।





