Water Bottle Cleaning Hacks: गर्मी के मौसम में पानी पीने के लिए लोग अलग-अलग तरह की बोतलों का इस्तेमाल करते हैं। कोई तांबे की बोतल इस्तेमाल करता है तो कोई स्टील, कांच या प्लास्टिक की बोतल रखना पसंद करता है। हालांकि रोजाना इस्तेमाल होने वाली इन बोतलों में धीरे-धीरे दाग और गंदगी जमने लगती है। कई बार बोतलों को अंदर तक साफ करना मुश्किल होता है। ऐसे में कुछ घरेलू तरीकों की मदद से आप बोतल को बिना ब्रश के अंदर तक आसानी से साफ कर सकते हैं। किचन की चीजों का इस्तेमाल करके इन बोतलों को आसानी से बिना मेहनत के साफ किया जा सकता है।
Khabar Monkey

तांबे की बोतल
तांबे की बोतल समय के साथ काली पड़ने लगती है और इसके अंदर गंदगी जम जाती है। जिन्हें आसानी से साफ नहीं किया जा सकता है। ऐसे में बोतल में थोड़ा सा पानी डालें और उसमें नींबू का रस मिलाएं। नींबू के टुकड़े को भी पानी की बोतल में डाल दें और थोड़ा सा नमक डालें। अब बोतल को अच्छे से शेक करें और कुछ देर के लिए छोड़ दें। नमक और नींबू की मदद से जमा गंदगी और कालापन साफ होने लगेगा। अब 20 मिनट बाद बोतल को सादा पानी की मदद से साफ कर लें। इससे तांबे की चमक वापस आ सकती है।
स्टील की बोतल
स्टील की बोतल में कई बार बदबू और गंदगी जम जाती है। ऐसे में इसे दूर करने के लिए एक चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा सा चावल डालें। इसके बाद इसमें गर्म पानी भर दें। अब बोतल को कपड़े की मदद से पकड़कर अच्छे से शेक करें। इसे करीब 15 से 20 मिनट के लिए रखें और फिर लिक्विड डिशवॉश की मदद से बोतल को साफ करें। इस तरह बोतल के अंदर की सारी गंदगी साफ हो जाएगी।
कांच की बोतल
कांच की बोतल की गंदगी को साफ करने के लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है। इसके लिए बोतल में थोड़ा पानी, लिक्विड साबुन और एक चम्मच चावल डाल दें। अब बोतल का ढक्कन बंद करके उसे करीब 30 सेकंड तक जोर से हिलाएं। चावल बोतल के अंदर की गंदगी को रगड़कर साफ करने में मदद करेगा। इसके बाद पानी की मदद से बोतल को साफ कर लें।
प्लास्टिक की बोतल
प्लास्टिक की बोतल में अक्सर गंदगी जम जाती है। कम चौड़ाई की वजह से इस बोतल को अंदर तक साफ करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में पानी की बोतल में थोड़ा सा विनेगर, गुनगुना पानी और थोड़ा सा चावल डालें। अब इसे अच्छे से शेक करें और 15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद लिक्विड डिशवॉश की मदद से बोतल को साफ करें। इस तरह अंदर की गंदगी और बदबू आसानी से दूर हो जाएगी।





