बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान अक्सर अलग-अलग वजहों से चर्चाओं में बने रहते हैं। कभी उनकी पेशेवर जिंदगी, तो कभी उनकी निजी लाइफ सुर्खियों का हिस्सा बनी रहती है। काम के अलावा दबंग खान अपने परिवार खासकर अपने माता-पिता से भी बहुत जुड़े हुए हैं और वह गैलेक्सी अपार्टमेंट्स में उनके साथ ही रहते हैं। अब हाल ही में एक्टर ने एक इंटरव्यू में बताया है कि उन्होंने फिल्मों में आने के बाद जो पहली महंगी चीज खरीदी थी, वह अपने लिए नहीं बल्कि अपने पिता मशहूर लेखक सलीम खान के लिए खरीदी थी।

वैरायटी इंडिया को दिए एक हालिया इंटरव्यू में सलमान ने खुलासा किया कि उन्होंने एक बार अपने पिता के लिए एक लग्जरी घड़ी खरीदने के लिए कर्ज लिया था, क्योंकि उस समय उनके पास इसे खरीदने के पैसे नहीं थे। सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने उस तोहफे के पीछे की कहानी और अपने पिता के रिएक्शन के बारे में भी बताया।
यह भी पढ़ें:
क्या बोले सलमान खान?
सलमान खान ने कहा, “सबसे पहली महंगी चीज जो मैंने खरीदी वह मेरे पिता के लिए एक लग्जरी घड़ी थी। जब मैंने दोबारा घड़ियां पहनना शुरू किया, तो उन्होंने वही घड़ी मुझे पहनने के लिए दे दी। जब मैंने वह घड़ी खरीदी थी, तब मेरे पास उसके लिए पैसे नहीं थे, लेकिन मुझे वह अपने पिता के लिए बहुत पसंद आई थी। उस समय उसकी कीमत लगभग नौ लाख रुपये थी। मेरे पास सिर्फ चार लाख रुपये थे, बाकी पैसे मैंने उधार लिए थे।”
सलमान ने बताया कि उनके पिता शुरू में इस बात से नाराज थे कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में ही इतना ज्यादा पैसा खर्च कर दिया था। अभिनेता ने बताया, “जब मैंने वह घड़ी अपने पिता को दिखाई, तो उन्होंने कहा कि तुमने अभी ठीक से काम करना भी शुरू नहीं किया है और तुमने ये सब करना शुरू कर दिया? क्या तुम खुद को कोई राजा समझते हो?’ हालांकि, वह मेरे घड़ी खरीदने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन बाद में उन्होंने इसे एक गहना कहा। जब मैंने घड़ियां पहनना शुरू किया, तो उन्होंने मुझे यह वाली घड़ी दी।”
सलमान खान ने घड़ियों से बनाई दूरी
सलमान कहते हैं कि उन्होंने लगभग तीन दशकों तक घड़ियां पहनना छोड़ दिया था
एक्टर ने यह भी बताया कि वह लगभग 26 से 28 सालों तक घड़ियों से दूर रहे और उनके पास लग्जरी घड़ियों का एक बहुत बड़ा कलेक्शन होने की अफवाहों को खारिज कर दिया। सलमान ने कहा, “मैंने अपनी लाइफ के पिछले 26-28 सालों से घड़ियां पहनना छोड़ दिया था।
अब, अगर आप मुझे घड़ी पहने हुए देखते हैं, तो वे हमेशा मेरी नहीं होतीं। वे दोस्तों की होती हैं। मैं उनसे पहनने के लिए लेता हूं और फिर वे उनके पास वापस चली जाती हैं। तो यह सारी बात कि उनके पास इतनी सारी घड़ियों का कलेक्शन है और इतना कुछ… मेरे पास बस वह एक रोलेक्स है। बाकी सब मेरे दोस्तों की हैं।”
Khabar Monkey
यह भी पढ़ें:





