Viral

तीन करोड़ यूजर्स वाली गेमिंग कंपनी पर ईडी का शिकंजा, 1154 करोड़ की ठगी का आरोप

ऑनलाइन रियल मनी गेमिंग के नाम पर करोड़ों यूजर्स के साथ कथित धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय ने बेंगलुरु और एनसीआर में गेम्सक्राफ्ट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 526 करोड़ रुपये की संपत्तियां फ्रीज की हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म पर असली खिलाड़ियों को गुपचुप तरीके से बॉट्स के खिलाफ खिलाकर भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया। जांच में सामने आया कि यूजर्स को शुरुआत में छोटी रकम जिताकर भरोसा दिलाया गया, लेकिन बाद में बड़ी रकम लगाने पर उन्हें सुनियोजित तरीके से हार का सामना करना पड़ा।

Khabar Monkey

तीन करोड़ यूजर्स वाली गेमिंग कंपनी पर ईडी का शिकंजा, 1154 करोड़ की ठगी का आरोप
तीन करोड़ यूजर्स वाली गेमिंग कंपनी पर ईडी का शिकंजा, 1154 करोड़ की ठगी का आरोप

छह दिन तक चली छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति जब्त

ईडी की यह कार्रवाई छह दिनों तक चली। एजेंसी ने कंपनी के दफ्तरों और निदेशकों के ठिकानों से कई इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके अलावा बैंक खातों, पेमेंट गेटवे बैलेंस, म्यूचुअल फंड, बॉन्ड और फिक्स्ड डिपॉजिट समेत 526.49 करोड़ रुपये की चल संपत्तियों को फ्रीज किया गया। जांच के दौरान करीब 2.30 किलो सोना और हीरे के आभूषण भी मिले, जिनकी कीमत लगभग 3.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। साथ ही 11 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

बॉट्स के जरिए खेला गया ‘गेम’

जांच एजेंसियों के मुताबिक कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म को पूरी तरह सुरक्षित और बॉट्स से मुक्त बताकर प्रचार किया था। लेकिन जांच में खुलासा हुआ कि गेमिंग सिस्टम में ऑटोमेटेड प्रोग्राम यानी बॉट्स का इस्तेमाल किया जा रहा था। असली खिलाड़ियों को बिना जानकारी दिए इन बॉट्स के खिलाफ उतारा जाता था। आरोप है कि जैसे ही खिलाड़ी बड़ी रकम लगाने लगते थे, बॉट्स को रणनीतिक तरीके से एक्टिव किया जाता था, जिससे यूजर्स लगातार हारते चले जाते थे।

प्रतिबंधित राज्यों तक पहुंचा नेटवर्क

ईडी के अनुसार कंपनी के करीब तीन करोड़ यूजर्स हैं, जिनमें बड़ी संख्या उन राज्यों की है जहां ऑनलाइन रियल मनी गेमिंग पर रोक है। आरोप है कि कंपनी ने तकनीकी तरीके से लोकेशन में हेरफेर कर इन राज्यों में भी अपनी सेवाएं जारी रखीं। जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी खिलाड़ियों से 10 से 15 प्रतिशत तक कमीशन वसूल रही थी।

तीन निदेशक गिरफ्तार

मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के बीच ईडी ने कंपनी के तीन निदेशकों पृथ्वीराज सिंह, विकास तनेजा और दीपक सिंह अहलावत को गिरफ्तार किया है। एजेंसी का दावा है कि कथित अवैध कमाई को विदेशी निवेश, म्यूचुअल फंड और दूसरी संपत्तियों में लगाया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई और खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply