भारत में दूध की बड़ी कंपनी अमूल और मदर डेयरी ने 2 रुपये प्रति लीटर दाम बढ़ा दिए हैं. डेयरी प्रोडक्ट के दामों में इजाफा कई तरीकों से किचन के बजट को प्रभावित करता है. दूध से पनीर, दही और छाछ बनते हैं, ऐसे में इनके दामों का बढ़ना भी लाजमी है. यहां हम गर्मी की सुपर ड्रिंक छाछ को कैसे घर पर बनाया जा सकता है ये आपको बताने जा रहे हैं. दही से बनने वाली छाछ को घर पर बनाना आसान है. मार्केट में मिलने वाली छाछ में मिलावट का डर रहता है. इसके बावजूद लोग बाजार से पैकेट लाते हैं और लंच में इसे खाने के साथ पीते हैं.

ज्यादातर लोगों में मिथक फैली हुई है कि इसे बनाने में काफी झंझट होता है, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है. आप कुछ ही मिनटों में देसी ड्रिंक छाछ को घर पर तैयार कर सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं छाछ को तैयार करने का आसान तरीका..
Khabar Monkey
छाछ के तत्व । Nutrients of Buttermilk
इसे इंग्लिश में बटरमिल्क कहा जाता है और ये पेट को नेचुरली ठंडा रखने वाली चीज है. गर्मियों में इसे पीने से बॉडी हाइड्रेट रहती है. वैसे ये कई तत्वों का भी बेस्ट सोर्स है. छाछ में प्रोटीन होता है जो मांसपेशियों और सेल्स के लिए जरूरी होता है. इसके अलावा इसमें कैल्शियम है जो हड्डियों को मजबूत बनाता है. छाछ में थोड़ा विटामिन बी12 भी होता है जिससे बॉडी में एनर्जी बनी रहती है. राइबोफ्लेविन (Vitamin B2) भी इसमें मौजूद है ये तत्व हमारे मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है इसलिए छाछ को पेट के लिए बहुत अच्छा माना जाता है.
इसके अलावा छाछ में पोटेशियम, फास्फोरस, प्रोबायोटिक्स और इलेक्ट्रोलाइट्स भी होते हैं. एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसे पीने का बेस्ट टाइम दोपहर भोजन के बाद का है. आप इसमें पुदीना और कई मसाले भी डाल सकते हैं. ऐसा करने से दोगुने फायदे मिलते हैं.
घर पर छाछ कैसे बनाएं । How to make Chhachh at home
छाछ बनाने का देसी तरीका- गांवों में मक्खन निकालने के बाद बचे हुए पतले दही से छाछ बनाई जाती है. मटकी में मथनी से इसे मथा जाता है जिससे इसका स्वाद और शानदार हो जाता है.
घर पर छाछ को 5 मिनट में बनाया जा सकता है. इसके लिए आपको एक कप दही, 2 से 3 कप ठंडा पानी और स्वादानुसार नमक की जरूरत पड़ेगी.
बनाने का तरीका
एक बड़े बर्तन में दही डालें और इसमें जरूरत के मुताबिक ठंडा पानी मिला दें. अब मथनी या ब्लेंडर की मदद से इसे अच्छे से फेंट लें. जब दही अच्छे से मिल जाए तो ऊपर आए मक्खन को अलग कर दें. अब इसमें नमक डालें और अच्छे से मिलाएं. पीने से पहले इसे थोड़ी देर फ्रिज में रख दें. आपकी ठंडी-ठंडी छाछ तैयार है.
आप चाहे तो घर पर ही मसाला छाछ भी बना सकते हैं. इसके लिए आपको भुने हुए जीरा पाउडर, काला नमक, बारीक कटा पुदीना, हरा धनिया, करी पत्ता और हरी मिर्च (हल्का तीखापन के लिए) की जरूरत पड़ेगी. जब नेचुरल छाछ तैयार हो जाए तो इसमें इन सभी चीजों को मिला दें. आपकी मसाला छाछ तैयार है.
न करें ये गलतियां
छाछ को तैयार करते समय हर चीज की मात्रा का ध्यान रखें. इसे बनाते वक्त न ज्यादा पानी डालें और न ही गाढ़े के चक्कर में दही की मात्रा को बढ़ाएं. एक कप दही में एक छोटा गिलास पानी ही डालें.
नमक मिलाने में भी गलती न करें. बनाते वक्त थोड़ा सा नमक डालें क्योंकि फर्मेंटेशन की वजह से इसमें खटास बढ़ती है. पीते वक्त अगर कम खटास महसूस हो तो इसमें थोड़ा काला नमक ऐड करें.





