शेयर बाजार में स्मॉलकैप कंपनियों को लेकर हमेशा एक अलग रोमांच रहता है. जब किसी छोटी कंपनी को अचानक से हजारों करोड़ रुपये का काम मिल जाए, तो निवेशकों का ध्यान उसकी तरफ खिंचना लाजमी है. इन दिनों बाजार में ब्लूसप्रिंग एंटरप्राइजेज के शेयर इसी वजह से चर्चा का केंद्र बने हुए हैं. दरअसल, कंपनी को दिग्गज मेटल कंपनी वेदांता की तरफ से एक बार फिर से एक भारीभरकम ऑर्डर मिला है. यह ऑर्डर 1437 करोड़ रुपये से ज्यादा का है. खास बात यह है कि जिन निवेशकों ने इस शेयर पर तीन महीने पहले दांव लगाया था, उनकी रकम अब दोगुनी हो चुकी है. अब इस खबर के बाद बाजार के जानकारों की निगाहें शेयर के अगले कदम पर टिक गई हैं.

वेदांता से मिला ₹1,437 करोड़ का ऑर्डर

दरअसल, ब्लूसप्रिंग एंटरप्राइजेज की एक सब्सिडियरी कंपनी है, स्टीग एनर्जी सर्विसेज इंडिया . इसी सहायक कंपनी को वेदांता एल्युमीनियम मेटल की ओर से ऑपरेशन और मेंटेनेंस का यह बड़ा कॉन्ट्रैक्ट सौंपा गया है. इस करार के तहत ब्लूसप्रिंग की इकाई वेदांता के 1215 मेगावाट वाले कैप्टिव पावर प्लांट का संचालन व रखरखाव करेगी. यह नया कॉन्ट्रैक्ट अगले महीने यानी 1 अगस्त 2026 से लागू हो जाएगा और इसकी कुल अवधि पांच साल तय की गई है.

बैकटूबैक ऑर्डर्स से बदली कंपनी की तस्वीर

ब्लूसप्रिंग एंटरप्राइजेज के लिए यह कोई पहला मौका नहीं है, जब उसे वेदांता समूह से इतना बड़ा काम मिला हो. इससे पहले भी कंपनी वेदांता के 1800 मेगावाट के थर्मल पावर प्लांट के लिए 1219.85 करोड़ रुपये का पांच साल का O&M कॉन्ट्रैक्ट हासिल कर चुकी है. इसके अलावा, वेदांता पावर ने अपने 600 मेगावाट क्षमता वाले एक अन्य थर्मल पावर प्लांट के रखरखाव की जिम्मेदारी भी 406.43 करोड़ रुपये में इसी कंपनी को सौंपी है. लगातार मिल रहे इन भारीभरकम ऑर्डर्स ने ब्लूसप्रिंग एंटरप्राइजेज की ऑर्डर बुक को बेहद मजबूत कर दिया है. बाजार को उम्मीद है कि आने वाले समय में इससे कंपनी की बैलेंस शीट में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.

3 महीने में शेयर ने किया पैसा दोगुना

ऑर्डर्स का सीधा असर ब्लूसप्रिंग एंटरप्राइजेज के शेयरों की चाल पर साफ दिखाई दे रहा है. हाल के महीनों में इस शेयर ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है. सिर्फ बीते तीन महीनों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो शेयर ने करीब 111 प्रतिशत की जोरदार छलांग लगाई है. यानी, तीन महीने पहले लगाया गया पैसा आज दोगुने से ज्यादा हो चुका है. बीते एक महीने में ही शेयर 49 फीसदी चढ़ा है, जबकि पिछले एक हफ्ते में इसमें 11 फीसदी की तेजी आई. बीते शुक्रवार को यह शेयर 131.82 रुपये के भाव पर पहुंचकर अपने 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर को छू गया. गौरतलब है कि इसी साल मार्च 2026 में इस शेयर की कीमत महज 42.01 रुपये के निचले स्तर पर थी, जहां से यह अब तक लगभग 194 फीसदी का शानदार रिटर्न दे चुका है.

कंपनी का फंडामेंटल्स समझ लें

किसी भी शेयर में पैसे लगाने से पहले उसके फंडामेंटल्स को देखना समझदारी होती है. 1,849 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली इस कंपनी का डेटटूइक्विटी रेश्यो 0.20 है, जो बताता है कि कंपनी पर कर्ज का बोझ बहुत ज्यादा नहीं है. हालांकि, निवेशकों को कुछ अन्य पैमानों पर भी सतर्कता बरतनी चाहिए. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी का प्राइस टू बुक रेश्यो 2.76 और इंडस्ट्री पी/ई 24.96 है. इसका अर्निंग पर शेयर यानी ईपीएस फिलहाल 1.54 है, जो अभी नकारात्मक दायरे में है. कंपनी का रिटर्न ऑन इक्विटी भी महज 1.03 प्रतिशत है, साथ ही यह कोई डिविडेंड नहीं देती है. इसका बुक वैल्यू 44.74 रुपये और फेस वैल्यू 10 रुपये है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.