भारत में कई ऐसी जगहें हैं जहां यात्रा को आसान बनाने के साथ-साथ पर्यटकों को प्रकृति की खूबसूरती का अद्भुत अनुभव कराने के लिए रोपवे (केबल कार) की सुविधा उपलब्ध है। इन रोपवे के जरिए आप बिना किसी कठिनाई के ऊंचाई से पूरे इलाके का मनमोहक दृश्य देख सकते हैं। ऊपर से देखने पर ऐसा लगता है मानो पूरी प्रकृति आपकी आंखों के सामने फैल गई हो- बर्फ से ढके ऊंचे-ऊंचे पहाड़, गहरी और शांत घाटियां, घने हरे-भरे जंगल, तेजी से बहती नदियां और सूरज की रोशनी में चमकती झीलों का अद्भुत नजारा देखने को मिलता है।

गुलमर्ग की बर्फीली ढलानों से लेकर सिक्किम की शांत पहाड़ियों तक का लुत्फ आप केबल कार की सवारी के जरिए उठा सकते हैं। कई रोपवे पाइन (चीड़) के जंगलों से गुजरते हैं, तो कई से आप हिमालय की ऊंची चोटियों और रंग-बिरंगे हिल स्टेशनों का शानदार नजारा देख सकते हैं। ये रोपवे कठिन इलाकों में घूमना आसान बनाते हैं, जिसके जरिए आप अपने परिवार के साथ भी आसानी से ऊंचे और दूर-दराज के नजारों का आनंद उठा सकते हैं। आइए जानते हैं भारत में किन-किन जगहों पर रोपवे के जरिए प्रकृति का सुंदर नजारा देखा जा सकता है।
1- जम्मू-कश्मीर (गुलमर्ग)
जम्मू-कश्मीर को धरती का स्वर्ग कहा जाता है। गुलमर्ग में जब आप रोपवे के जरिए ऊपर से नीचे की ओर देखते हैं तो इस स्वर्ग का अनुभव शायद ही कभी भूल पाएं। गुलमर्ग गोंडोला रोपवे को एशिया का सबसे ऊंचा ऑपरेटिंग केबल कार सिस्टम माना जाता है, जो लगभग 4,200 मीटर की ऊंचाई तक जाता है। यह रोपवे गुलमर्ग से कोंगडोरी घाटी और फिर अपरवाथ पीक तक पहुंचता है। सर्दियों में यहां का पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक जाता है, जिसका नजारा देखने लायक होता है। रोपवे के जरिए बर्फ से ढके पेड़ और पहाड़ों का खूबसूरत नजारा शायद ही कभी आप भूल पाएं।
2- जम्मू-कश्मीर (पटनीटॉप)
गुलमर्ग के अलावा आप जम्मू-कश्मीर के पटनीटॉप में भी केबल कार का लुत्फ उठा सकते हैं। पटनीटॉप का स्काईव्यू गोंडोला केवल 12 मिनट में पटनीटॉप को संगेत घाटी से जोड़ता है। केबल कार से यात्रा के दौरान ऊपर से घने जंगल, हरी-भरी पहाड़ियों के बीच शिवालिक पर्वतमाला के शानदार दृश्य देखने को मिलते हैं।
3- सिक्किम (यांगांग)
सिक्किम के नामची जिले में स्थित यांगांग रोपवे 3.5 किलोमीटर लंबा है। यह केबल कार धप्पर से थालेढुंला रिज तक जाता है। पहले इस रास्ते को पैदल तय करने में घंटों समय लगता था, लेकिन केबल कार के जरिए आप सिर्फ 10 मिनट में पहुंच सकते हैं। इस दौरान नदियां, आसपास के शहर और साफ मौसम में कंचनजंगा व माउंट पांडिम जैसी हिमालयी चोटियों का शानदार नजारा देखने को मिलता है।
4- सिक्किम (गंगटोक)
जब भी गंगटोक घूमने जाएं रोपवे से एक बार यात्रा जरूर करें। गंगटोक रोपवे से शहर और आसपास के पहाड़ों का बेहद मनमोहक दृश्य देखने को मिलता है। यह यात्रा देओराली मार्केट से शुरू होकर नामनांग और ताशिलिंग स्टेशनों से गुजरती है। रास्ते में पहाड़ियों पर बने रंग-बिरंगे घर, बादलों से ढकी घाटियां और पीछे दिखाई देती कंचनजंगा पर्वतमाला का नजारा काफी मनमोहक लगता है।
5- हिमाचल प्रदेश (मनाली)
हिमाचल प्रदेश की सबसे खूबसूरत केबल कार राइड्स में से एक सोलंग वैली से माउंट फातरू को जोड़ने वाला रोपवे है, जिसे सिर्फ 10 मिनट में पूरा किया जा सकता है। इस दौरान आपको बर्फ से ढके पहाड़, हरे-भरे घास के मैदान और एडवेंचर एक्टिविटी वाले इलाके दिखाई देते हैं।
6- उत्तराखंड (मसूरी)
मसूरी का गन हिल रोपवे मॉल रोड से शुरू होकर शहर के सबसे बेहतरीन व्यू पॉइंट तक ले जाता है। यहां से आप हिमालय की खूबसूरत चोटियां देख सकते हैं। सूर्यास्त के दौरान यहां का नजारा काफी शानदार होता है।
Khabar Monkey
7- राजस्थान (उदयपुर)
उदयपुर का मंशापूर्णा करणी माता रोपवे से आप झीलों, महलों और अरावली पहाड़ियों का शानदार नजारा देख सकते हैं। यह रोपवे दीनदयाल उपाध्याय पार्क को माछला हिल पर स्थित करणी माता मंदिर से जोड़ता है। यात्रा के दौरान पिछोला झील, फतेह सागर झील और सिटी पैलेस सहित पूरे उदयपुर शहर का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है।
सिर्फ राफ्टिंग ही नहीं, ऋषिकेश जाएं तो जरूर करें ये 5 एडवेंचरस एक्टिवीटीज
अगर आपको लगता है कि ऋषिकेश सिर्फ राफ्टिंग के लिए मशहूर है, तो आप गलत हैं क्योंकि यहां पर कई और ऐसे रोमांचक एक्टिविटीज हैं जो आपकी यात्रा को और भी ज्यादा रोमांचक बना सकती हैं। ऋषिकेश के शिवपुरी, मोहन्चट्टी और तपोवन जैसे इलाकों में कई एडवेंचर जोन बने हैं जहां पर कई एक्टिविटीज कराई जाती है। आइए जानते हैं कि प्राकृतिक नजारों के बीच ऋषिकेश में कौन-कौन सी रोमांचक एक्टिविटीज की जा सकती है।





