Gorakhpur News: यूपी के गोरखपुर जिले में हत्या के प्रयास के मामले में जेल से जमानत पर छूटे आरोपी के स्वागत में थार और फॉर्च्यूनर से निकाला गया रोड शो उसके दोस्तों को भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर रंगदारी भरे गाने और डायलॉग के साथ पोस्ट किए गए वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि मुख्य आरोपी अमन यादव उर्फ मक्कू यादव अभी भी फरार है.

दिसंबर 2025 से जेल में बंद था आरोपी
पुलिस के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के सिंघाड़िया स्थित एक मैरिज लॉन में 2 दिसंबर 2025 की रात शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को गोली मार दी गई थी. इस मामले में सिंघाड़िया निवासी अमन यादव उर्फ मक्कू यादव, राज यादव और अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया था. इसके बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया था.
7 मई को जमानत पर जेल से बाहर आया
अमन यादव 7 मई 2026 को जमानत पर जेल से बाहर आया. उसके स्वागत के लिए उसके दोस्त थार, फॉर्च्यूनर और कई दोपहिया वाहनों के साथ जेल गेट पहुंचे. इसके बाद काफिले के रूप में शहर में रोड शो निकाला गया. इस दौरान युवकों ने हूटर बजाए और दबंगई दिखाते हुए वीडियो बनाए.
Khabar Monkey
–
रंगदारी भरे गानों के साथ वीडियो हुआ वायरल
युवकों ने इस रोड शो का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें रंगदारी भरे गाने और डायलॉग चल रहे थे. वीडियो में कथित तौर पर ऐसे संवाद भी इस्तेमाल किए गए, जो भय और जातीय उन्माद फैलाने वाले माने जा रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई.
7 युवक गिरफ्तार, गाड़ियां भी जब्त
कैंट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कूड़ाघाट निवासी अन्नी कनौजिया, साहिल निषाद, अमित यादव, सक्षम राव, अनुराग अग्रहरी, झंगहा थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी प्रभास यादव और देवरिया के भटनी निवासी राहुल राज को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने थार और फॉर्च्यूनर समेत अन्य वाहनों को भी कब्जे में लिया है.
मुख्य आरोपी अमन यादव फरार
पुलिस के पहुंचने से पहले मुख्य आरोपी अमन यादव उर्फ मक्कू यादव फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए कानून व्यवस्था प्रभावित करने और भय का माहौल बनाने की कोशिश की गई. वीडियो में दिख रहे अन्य युवकों की भी पहचान की जा रही है. कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.





