आगरा: यूपी की ताजनगरी आगरा में एक गर्भवती महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि शादी से पहले उसके पति ने जबरन संबंध बनाए। इंस्टाग्राम पर चैटिंग करते समय वह पूरे कपड़े उतारकर फोटो भेजने का दबाव बनाता था। मना करने पर रिश्ता तोड़ने की धमकी देता था। निकाह के बाद उसके सहकर्मियों के साथ फोटो वायरल कर बदनाम कर दिया है। पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य ससुरालियों पर केस दर्ज कराया है।

यह मामला ताजगंज थाना क्षेत्र का है। शिकायत के मुताबिक, 11 अप्रैल, 2025 को दोनों का निकाह हुआ था। शादी के बाद महिला को पता चला कि उसके पति के अन्य महिलाओं से भी संबंध हैं। विरोध करने पर पति ने शादी से पहले के फोटो और वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी।
Khabar Monkey
ससुराल वालों पर भूखा रखने का लगाया आरोप
महिला ने बताया कि वह वर्तमान में चार माह की गर्भवती है और गर्भावस्था के दौरान भी उसके साथ जबरन संबंध बनाए गए, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसका उचित इलाज भी नहीं कराया और उसे भूखा तक रखा गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
सहकर्मियों संग फोटो वायरल कर दिए
पीड़िता ने बताया कि 16 जनवरी 2026 को पति, सास, देवर और अन्य रिश्तेदार रात में उसके मायके पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद महिला ने पुलिस और उच्चाधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद आरोपियों ने उसके सहयोगियों के साथ खिंचाए फोटो वायरल कर दिए।
पति पर दूसरी शादी करने की जताई आशंका
पीड़िता ने बताया कि ससुराल पक्ष ने उसके पुराने कार्यस्थल के सहकर्मियों के साथ खिंचवाई गई सामान्य फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, जिससे उसकी बदनामी हुई। महिला ने पति पर दूसरी शादी करने की आशंका भी जताई है। महिला ने अदालत से आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी। थाना ताजगंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया है।





