कोलकाता : पश्चिम बंगाल की सरकार ने अभिषेक बनर्जी की ‘जेड प्लस’ सुरक्षा वापस लेने का फैसला लिया है। अधिकारी के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी को अब दी गई अतिरिक्त सुरक्षा और विशेष पायलट कार की सुविधा नहीं मिलेगी। बता दें कि पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से अभिषेक बनर्जी को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई थी। हालांकि, पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के तुरंत बाद उनकी सुरक्षा में कटौती शुरू हो गई। अब नई राज्य सरकार ने उनकी ‘जेड प्लस’ सुरक्षा पूरी तरह वापस लेने का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में सोमवार दोपहर प्रशासनिक आदेश जारी कर दिया गया।
Khabar Monkey

अधिकारियों के अनुसार, न सिर्फ अभिषेक बनर्जी की अतिरिक्त सुरक्षा हटाई जा रही है, बल्कि उन्हें मिलने वाली पायलट कार सुविधा भी वापस ले ली गई है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को नबन्ना में कई बैठकें कीं। पहले उन्होंने प्रशासनिक समीक्षा बैठक की और उसके बाद जिला मजिस्ट्रेटों तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।
शुभेंदु अधिकारी ने क्या- फिजूल खर्च क्यों
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में नेताओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि यदि किसी नेता को वास्तविक सुरक्षा खतरा नहीं है तो उसे अनावश्यक सुरक्षा नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि केवल प्रभाव या प्रतिष्ठा दिखाने के लिए सरकारी पैसा क्यों खर्च किया जाए। इसके बाद अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा श्रेणी बदल दी गई।
सामान्य सांसद वाली सुरक्षा मिलेगी
अभी तक अभिषेक बनर्जी पायलट कार के साथ यात्रा करते नजर आते थे, लेकिन अब सरकार के निर्देश के बाद यह सुविधा उन्हें नहीं मिलेगी। अब उन्हें केवल वही सुरक्षा दी जाएगी जो एक सांसद को सामान्य रूप से मिलती है। प्रशासनिक सूत्रों का दावा है कि अभिषेक की सुरक्षा व्यवस्था अब केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार होगी। अतिरिक्त सुरक्षा बल और विशेष सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से हटाई जाएंगी।
घर के आसपास रहती थी भारी पुलिस फोर्स
बंगाल में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा धीरे-धीरे कम की जा रही थी। तृणमूल सरकार के दौरान उनके कार्यालय के आसपास भारी पुलिस सुरक्षा रहती थी, लेकिन सरकार बदलने के बाद सबसे पहले वहां से पुलिस सुरक्षा हटाई गई। इसके बाद हरिश मुखर्जी रोड स्थित उनके आवास के बाहर की सुरक्षा भी कम कर दी गई। उनके घर ‘शांतिनिकेतन’ से पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा उपकरण भी हटा दिए गए।
ममता बनर्जी के घर से बाहर से भी कम हुई सुरक्षा
इसके अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जीके घर के बाहर की सुरक्षा भी कम कर दी गई। ममता बनर्जी हरिश चटर्जी स्ट्रीट में रहती हैं। सरकार बदलने के 24 घंटे के भीतर ही उनके घर के बाहर लगे बैरिकेड्स हटा दिए गए थे और बाद में कोलकाता पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को भी वापस बुला लिया।





