जब बात रिटायरमेंट की आती है, तो सबसे बड़ा डर यही होता है कि हर महीने बैंक खाते में आने वाली सैलरी का मैसेज जब आना बंद हो जाएगा, तो घर का खर्च कैसे चलेगा. शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव में पैसा लगाना हर किसी के बस की बात नहीं होती, खासकर तब जब उम्र ढल रही हो और नियमित कमाई के साधन बंद हो चुके हों.

ऐसे में लोग एक ऐसी जगह तलाशते हैं जहां उनका पैसा सुरक्षित रहे, साथ ही हर महीने एक तय रकम हाथ में आती रहे. देश की सबसे बड़ी और भरोसेमंद बीमा कंपनी LIC (भारतीय जीवन बीमा निगम) के पेंशन प्लान इसी जरूरत को पूरा करते हैं. चलिए डिटेल में समझते हैं कि ये प्लान कैसे काम करते हैं, मुनाफे का गणित क्या है, क्या आपको अपनी गाढ़ी कमाई इसमें लगानी चाहिए?
पेंशन प्लान का असली फंडा समझिए
वित्तीय भाषा में इसे ‘एन्युटी प्लान’ (Annuity Plan) कहा जाता है. यह एक ऐसा फाइनेंशियल प्रोडक्ट है, जहां आप अपनी कामकाजी उम्र में थोड़ा-थोड़ा प्रीमियम भरते हैं या फिर रिटायरमेंट के वक्त एकमुश्त (Lump sum) पैसा कंपनी को देते हैं. इसके बदले बीमा कंपनी आपको जीवनभर (या एक तय समय तक) हर महीने, तिमाही या सालाना आधार पर एक फिक्स्ड रकम देती है, जिसे पेंशन कहते हैं.
Khabar Monkey
LIC के चार सबसे पॉपुलर प्लान
- LIC जीवन अक्षय VII (LIC Jeevan Akshay VII): यह एक ‘इमीडिएट एन्युटी’ प्लान है. यानी आज एकमुश्त पैसा डालिए और अगले ही महीने से अपनी पेंशन शुरू करवा लीजिए. जो लोग तुरंत रिटायर हुए हैं, उनके लिए यह शानदार विकल्प है. इसमें सिंगल लाइफ (सिर्फ आपके लिए) के साथ-साथ जॉइंट लाइफ (पति-पत्नी दोनों के लिए) का ऑप्शन भी मौजूद है.
- LIC न्यू जीवन शांति (LIC New Jeevan Shanti): यह एक ‘डेफर्ड एन्युटी’ प्लान है. इसमें निवेश तो आज एकमुश्त होता है, लेकिन पेंशन कुछ साल बाद (डेफरमेंट पीरियड के बाद) शुरू होती है. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि आज के निवेश पर ही आपकी भविष्य की पेंशन दर लॉक (Lock) हो जाती है. जो लोग अभी नौकरी कर रहे हैं, उनके लिए यह बेहतरीन है.
- LIC सरल पेंशन (LIC Saral Pension): नाम की तरह ही यह बेहद सिंपल और स्टैंडर्डाइज्ड प्रोडक्ट है. इसमें कोई उलझन या हिडन नियम नहीं हैं. एकमुश्त पैसा लगाइए, तुरंत जीवनभर के लिए पेंशन पक्की कीजिए. यह कम जोखिम वाला एक सीधा-सादा विकल्प है.
- LIC न्यू पेंशन प्लस (LIC New Pension Plus): यह ‘यूनिट लिंक्ड’ प्लान (ULIP) है. इसमें आपके पैसे का एक हिस्सा शेयर बाजार (Market-linked funds) में लगता है. अगर आप लंबी अवधि के लिए निवेश कर रहे हैं, थोड़ा जोखिम ले सकते हैं, तो यह प्लान आपके लिए एक बड़ा रिटायरमेंट फंड (Retirement Corpus) तैयार कर सकता है.
10 लाख जमा करने पर कितनी मिलेगी पेंशन?
पेंशन की रकम सीधे तौर पर आपकी उम्र, चुने गए ऑप्शन, आपके कुल निवेश पर निर्भर करती है. LIC बैंक की एफडी (FD) की तरह सिर्फ ब्याज नहीं बांटती. वह आपके मूलधन, ब्याज दर, आपकी एक्सपेक्टेड लाइफ (संभावित उम्र) को मिलाकर एक कैलकुलेशन करती है.
आंकड़ों में समझें तो, मान लीजिए 60 साल के व्यक्ति ने 10 लाख रुपये एकमुश्त लगाए, तो उसे लगभग ₹5,000 से ₹7,000 महीना मिलेगा. 25 लाख लगाने पर यह रकम ₹13,000 से ₹17,000 महीना, 1 करोड़ जमा करने पर करीब ₹55,000 से ₹70,000 महीना तक हो सकती है.
अगर 40 साल का व्यक्ति 10 लाख रुपये लगाएगा तो उसे सिर्फ 4-5 हजार रुपये महीना मिलेगा, जबकि 70 साल के बुजुर्ग को उसी 10 लाख पर 8-9 हजार रुपये तक मिल सकते हैं. यही वजह है कि कई बुजुर्ग अपनी प्रॉपर्टी या रिटायरमेंट फंड का पैसा सीधे इसमें डाल देते हैं.





