तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को एक ऐतिहासिक बदलाव देखा गया, जब अभिनेता से नेता बने सी जोसेफ विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में आधिकारिक तौर पर शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस भव्य समारोह में विजय का परिवार और उनके करीबी दोस्त शामिल हुए। हालांकि सभी की निगाहें अभिनेत्री तृषा कृष्णन पर टिकी थीं, जो इस खास मौके पर विजय का समर्थन करने पहुंची थीं। नीली साड़ी में सजी तृषा समारोह के दौरान काफी खुश नजर आ रही थीं, लेकिन एक पल ऐसा भी आया जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जब विजय मुख्यमंत्री के रूप में अपना पहला भाषण दे रहे थे, तब तृषा भावुक हो गईं। एक्स पर साझा किए गए वीडियो में देखा गया कि विजय के शब्दों को सुनकर उनकी आंखों में आंसू आ गए थे, फिर भी वे मुस्कुराते हुए उन्हें देख रही थीं।

विजय को लेकर क्या बोलीं तृषा
समारोह में पहुंचते समय जब मीडिया ने तृषा से कहा कि आज तमिलनाडु के लिए बहुत बड़ा दिन है तो उन्होंने मुस्कुराहट के साथ जवाब दिया, ‘हां, धन्यवाद। मैं इसके लिए बहुत उत्साहित हूं।’ तृषा के साथ उनकी मां उमा कृष्णन भी मौजूद थीं, हालांकि उन्होंने अन्य निजी सवालों पर चुप्पी साधे रखी।
मुख्यमंत्री विजय का पहला संबोधन
अपने पहले आधिकारिक संबोधन में मुख्यमंत्री विजय ने तमिलनाडु की जनता का आभार व्यक्त किया और राज्य में शासन के एक नए युग का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर आधारित होगी। विजय ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, ‘आइए, हम सब मिलकर तमिलनाडु को एक नई और ताज़ा सरकार दें। यह एक नई शुरुआत है, एक ऐसे युग की जो समानता और न्याय पर टिका होगा।’ अपने भाषण में पारदर्शिता और सादगी पर जोर देते हुए विजय ने कहा कि वह जनता से कोई झूठे वादे नहीं करेंगे। उन्होंने विनम्रता के साथ कहा, ‘मैं कोई दैवीय दूत या पैगंबर नहीं हूं। मैं एक साधारण इंसान हूं जो सामान्य जीवन जीता है। मैं आपको कभी भी झूठे वादों से धोखा नहीं दूंगा। मैं केवल वही वादा करूंगा जिसे पूरा करना संभव हो।’ उनके इस व्यावहारिक और ईमानदार दृष्टिकोण की वहां मौजूद जनता और उनके समर्थकों ने जमकर सराहना की।
Khabar Monkey
रील से रियल लाइफ तक की चर्चा
तृषा और विजय की जोड़ी कॉलीवुड की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक रही है। इन दोनों ने ‘घिल्ली’ (2004), ‘तिरुपाची’ (2005), ‘आधी’ (2006) और ‘कुरुवी’ (2008) जैसी सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया है। सालों के अंतराल के बाद उन्होंने लोकेश कनगराज की फिल्म ‘लियो’ (2023) में पति-पत्नी की भूमिका निभाकर पर्दे पर वापसी की। इसके अलावा वेंकट प्रभु की फिल्म ‘द गोट’ (2024) में तृषा ने ‘मट्टा’ गाने पर एक विशेष प्रस्तुति दी, जो उनके पुराने हिट गानों की याद दिलाता है। फिल्मों के अलावा दोनों अपने कथित निजी संबंधों को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं। फरवरी में ऐसी खबरें आई थीं कि विजय की पत्नी संगीता ने तलाक के लिए अर्जी दी है, जिसमें एक अभिनेत्री के साथ उनके कथित संबंधों का हवाला दिया गया था। इसके बाद मार्च में विजय और तृषा को चेन्नई में एक शादी समारोह में मैचिंग आउटफिट्स में देखा गया था, जिसने उनके रिश्ते की अफवाहों को और हवा दे दी। हालांकि दोनों ने अब तक सार्वजनिक रूप से अपने संबंधों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।





