Mango Pickle Recipe: भारत में आम का सीजन आते ही अचार बनाने की तैयारियां भी शुरू हो जाती हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में आम का अचार विभिन्न स्वाद और परंपराओं के साथ बनाया जाता है। हालांकि आम के अचार बनाने की प्रक्रिया में सबसे बड़ी चुनौती आम के टुकड़ों को सुखाने की होती है। जिसमें कई दिनों का समय लग जाता है।

ऐसे में आप धूप में आम सुखाने की जगह एयर फ्रायर का इस्तेमाल कर सकते हैं। मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने अपने यूट्यूब चैनल पर अचार बनाने के लिए आम को सुखाने के लिए एयर फ्रायर का इस्तेमाल किया है। इस ट्रिक की मदद से अचार जल्दी बन जाएगा और लंबे समय तक फ्रेश भी रहेगा।
सही आम का चुनाव
आम का अचार बनाने के लिए सबसे जरूरी चीज है सही वैरायटी के आम चुनना। अचार बनाने के लिए आप तोतापुरी, राजापुरी या आमकेला इस्तेमाल कर सकते हैं क्योंकि इनमें खटास ज्यादा और मिठास कम होती है।
सबसे पहले आम को अच्छे से धोकर पोंछने के बाद बिना छिलका उतारे 1 इंच के टुकड़ों में काट लेना है। इसके बाद इन टुकड़ों में नमक और हल्दी मिलाकर करीब 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे आम के टुकड़े पानी छोड़ देंगे। ऐसा करना जरूरी होता है जिससे अचार खराब नहीं होता है।
Khabar Monkey
एयर फ्रायर का इस्तेमाल
अचार बनाने के लिए आम को सुखाना पड़ता है जिसके लिए उन्हें धूप में रखा जाता है। इसकी जगह आप आम के टुकड़ों को एयर फ्रायर में सिंगल लेयर में लगाकर 120 डिग्री सेंटीग्रेड पर केवल 10 से 12 मिनट के लिए सुखाएं। इस प्रक्रिया से समय की बचत होगी और यह तरीका पूरी तरह से हाइजीनिक रहेगा।
मसाले और तेल का संतुलन
इसे बनाने के लिए सरसों, सौंफ और मेथी का उपयोग कर सकते हैं। मेथी और राई में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जो अचार को खराब होने से रोकते हैं। अगर आप चटपटा स्वाद और लाल रंग चाहते हैं तो इसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और हल्दी का इस्तेमाल कर सकते हैं।
सही बर्तन का उपयोग
अचार बनाने के लिए हमेशा स्टील या कांच के बर्तनों का उपयोग करना चाहिए क्योंकि पीतल या एल्युमीनियम जैसे रिएक्टिव मेटल्स अचार के एसिड के साथ प्रतिक्रिया कर सकते हैं। स्वाद को बढ़ाने के लिए सरसों के तेल को गर्म करके उसमें हींग का तड़का लगाएं और ठंडा होने के बाद इसे अचार में मिलाएं।
स्टोरेज का खास तरीका
आम के अचार को स्टोर करने के लिए जार में रखने से पहले इसमें हींग का धुआं कर सकते हैं। जार को पहले स्टेरलाइज करने के लिए जलते हुए कोयले पर हींग डालकर जार को उसके ऊपर उल्टा रख दें। अब जार में अचार को भर दें और इसके ऊपरी परत पर सरसों का तेल डाल दें। इस तरीके से अचार स्टोर करने से वह लंबे समय तक ताजा रहेगा।





