Viral

भतीजी के लिए मगरमच्छ पर टूट पड़ीं चाची, जबड़े में दबोचने के बाद भी दरांती से ताबड़तोड़ वार कर ऐसे बचा ली जान

Aligarh Crocodile Attack: यूपी के अलीगढ़ में अतरौली कोतवाली क्षेत्र में बहने वाली काली नदी के किनारे से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पशुओं के लिए चारा काट रही एक युवती पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे नदी की ओर खींचने लगा। तभी, मौके पर मौजूद युवती की चाची ने अदम्य साहस और सूझ-बूझ का परिचय देते हुए दरांती से मगरमच्छ की आंख पर कई वार किए। इसके बाद, मगरमच्छ, युवती को छोड़कर नदी में वापस चला गया। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर किया गया है।

Khabar Monkey

भतीजी के लिए मगरमच्छ पर टूट पड़ीं चाची, जबड़े में दबोचने के बाद भी दरांती से ताबड़तोड़ वार कर ऐसे बचा ली जान
भतीजी के लिए मगरमच्छ पर टूट पड़ीं चाची, जबड़े में दबोचने के बाद भी दरांती से ताबड़तोड़ वार कर ऐसे बचा ली जान

युवती को घसीट कर नदी में ले जा रहा था मगरमच्छ

जानकारी के अनुसार, गांव मोहद्दीनपुर निवासी 18 वर्षीय सुमन, अपनी चाची ट्रेपा देवी के साथ गांव रायपुर मुजफ्ता के पास काली नदी किनारे पशुओं के लिए चारा काटने गई थी। दोपहर करीब तीन बजे दोनों खेत किनारे काम कर रही थीं, तभी नदी से निकला एक मगरमच्छ तेजी से सुमन की ओर बढ़ा और देखते ही देखते उसके हाथ को अपने जबड़े में दबोच लिया। अचानक हुए हमले से युवती चीख पड़ी और मगरमच्छ उसे घसीटते हुए नदी की ओर ले जाने लगा।

चाची की हिम्मत देख भतीजी को छोड़ भागा मगरमच्छ

ये घटना देखकर चाची ट्रेपा देवी कुछ पल के लिए घबरा गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। हाथ में मौजूद दरांती लेकर वह मगरमच्छ पर टूट पड़ीं और उसकी आंख पर लगातार कई वार किए। चाची के हमले से मगरमच्छ बौखला गया और युवती को छोड़कर वापस नदी में चला गया। चाची के साहस और सूझबूझ के चलते युवती की जान बच सकी।

मगरमच्छ के हमले में युवती हो गई घायल

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घायल अवस्था में पड़ी युवती को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन दोनों हाथों में गंभीर जख्म होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।

काली नदी में कई बार दिख चुके हैं मगरमच्छ

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि काली नदी में पिछले कुछ समय से मगरमच्छों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नदी किनारे खेतों में काम करने वाले किसान और पशुओं के लिए चारा लेने जाने वाली महिलाएं हमेशा खतरे के साये में रहती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी कई बार नदी किनारे मगरमच्छ दिखाई दे चुके हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि काली नदी क्षेत्र में मगरमच्छों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाए और नदी किनारे सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। घटना के बाद महिलाओं और बच्चों में खासा भय व्याप्त है।

(इनपुट- प्रदीप)

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply