
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में गुरूवार को उमरपुर चौकी के पास एक चलते कैंटर के केबिन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, कैंटर लोनी से मुजफ्फरनगर स्थित एक पेपर मिल में गत्ता उतारकर वापस लौट रहा था। बुढ़ाना क्षेत्र से गुजरते समय उमरपुर चौकी के निकट वाहन के केबिन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।आग की लपटें उठती देख चालक ने तुरंत कैंटर रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। घटना स्थल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से कैंटर के केबिन को भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।उमरपुर चौकी प्रभारी मोहित तेवातिया ने बताया ट्रक में आग अज्ञात कारणों से लगी है जांच की जा रही है





