SRH vs PBKS: IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद ने एक ऐसी जीत दर्ज की, जिसने सिर्फ पॉइंट्स टेबल ही नहीं बदली बल्कि नया इतिहास भी रच दिया। पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए SRH ने हैदराबाद के अपने घरेलू मैदान पर लगातार जीत का ऐसा सिलसिला कायम किया, जिसने चेन्नई सुपर किंग्स का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। दरअसल, 6 मई को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के 49वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की जीत के हीरो रहे हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन। दोनों ने पंजाब की खराब फील्डिंग का पूरा फायदा उठाया और शानदार अर्धशतक जड़े।

हेनरिक क्लासेन को शुरुआत में जीवनदान मिला और फिर उन्होंने 43 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 69 रनों की पारी खेली। वहीं, किशन ने भी 32 गेंदों में 55 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 202 रन ही बना सकी और 33 रनों से मुकाबला हार गई। पंजाब को इस हार का बड़ा नुकसान हुआ है और वह पॉइट्स टेबल में दूसरे स्थान पर खिसक गई है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने धमाकेदार जीत दर्ज करते हुए पॉइंट्स टेबल में टॉप पर कब्जा कर लिया है।
Khabar Monkey
हैदराबाद में बना नया रिकॉर्ड
हैदराबाद ने इस बड़ी जीत के साथ ही एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान हैदराबाद में लगातार 9वीं जीत दर्ज की। यह IPL इतिहास में किसी एक टीम द्वारा किसी एक प्रतिद्वंदी के खिलाफ एक वेन्यू पर लगातार सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के नाम था, जिन्होंने चेन्नई में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 8 लगातार मैच जीते थे। अब SRH ने 9 जीत के साथ इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। यही नहीं, SRH की हैदराबाद में पंजाब के खिलाफ कुल 11 मैचों में से यह 10वीं जीत हैं। इस तरह पैट कमिंस की टीम IPL में एक वेन्यू पर किसी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली दूसरी टीम बन गई है।





