नई दिल्ली. मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने पिछले 5 मैच को चोट की वजह से मिस करने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जबरदस्त वापसी की. उन्होंने लगातार हार झेल रही अपनी टीम को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में जीत दिलाई. लखनऊ से मिले 229 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने 44 गेंद में 84 रन बना डाले. इस पारी के दम पर MI ने वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 6 विकेट से हराया. मैच के बाद लखनऊ के मालिक संजीव गोयनका और रोहित शर्मा की मुलाकात चर्चा में रही.

लखनऊ और मुंबई के बीच हुए मैच की एक तस्वीर ने सोशल मीडिया पर हंगामा मचा रखा है. संजीव गोयनका और रोहित शर्मा फोटो में एक दूसरे से हाथ मिलाते दिख रहे हैं. इसे देखने के बाद फैंस ने अगले सीजन में पूर्व भारतीय कप्तान को 50 करोड़ रुपये में खरीदने की मांग कर दी.
इस वक्त ऋषभ पंत टीम की कप्तानी कर रहे हैं. टीम का हाल बेहद खराब है और वो अंक तालिका में सबसे नीचे 10वें नंबर पर है. ऐसे में लखनऊ के फैंस की उम्मीद है कि रोहित शर्मा को किसी तरह से उनकी टीम में लाया जाए. अगर वो कप्तान बन गए तो ट्रॉफी जीतने का सपना पूरा हो सकता है.
Khabar Monkey
LSG के खिलाफ जीत से MI की प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार हैं. उन्हें अपने बाकी चारों मैच जीतने होंगे. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (10 मई), पंजाब किंग्स (14 मई), कोलकाता नाइट राइडर्स (20 मई) और राजस्थान रॉयल्स (24 मई) के खिलाफ मुकाबला खेला जाना है. इसके अलावा MI को चाहिए कि पंजाब किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स जैसी तीन टीमें 16 या उससे ज्यादा अंक लेकर टॉप तीन में जगह बना लें, जिससे मुकाबला साफ हो जाए. सबसे बड़ी चिंता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स की है, जिनके पास 12-12 अंक हैं. मुंबई चाहेगा कि ये दोनों टीमें हारें, ताकि उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें बनी रहें.





