Snake proofing house safety alert: भीषण गर्मी का कहर न केवल इंसानों पर बल्कि रेंगने वाले जीवों पर भी साफ दिख रहा है. कुछ समय पहले केरल में सांपों के घर के अंदर घुसने और लोगों को काटने की घटनाओं में काफी बढ़त देखी गई थी और उसके कारण कुछ लोगों की मौत भी हुई थी. इसके बाद केरल के स्वास्थ्य विभाग ने जनता के लिए एक विशेष पब्लिक अलर्ट जारी किया था. विशेषज्ञों का मानना है कि बाहर का तापमान बढ़ने के कारण सांप ठंडी और सुरक्षित जगहों की तलाश में रिहायशी इलाकों और घरों का रुख कर रहे हैं. ऐसे में उनसे बचने के लिए कुछ तरीके अपनाने से आप सुरक्षित रह सकते हैं.

कूड़ा-कचरा जमा न करें
स्वास्थ्य विभाग ने अपनी गाइडलाइन में सबसे पहले सफाई पर जोर दिया था. डिपार्टमेंट का कहना था कि घरों के आसपास झाड़ियां, घास और फालतू सामान (जैसे लकड़ी का ढेर या नारियल के छिलके) जमा न होने दें. ये जगहें सांपों के छिपने के लिए सबसे सुरक्षित होती हैं.
यदि आपके घर के आसपास बिल या छेद हैं तो उन्हें तुरंत सीमेंट से भर दें. दरवाजों और खिड़कियों के नीचे की खाली जगह को भी बंद रखें ताकि रात के समय कोई रेंगने वाला जीव अंदर न आ सके.
Khabar Monkey
फर्श पर सोने से बचें
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी थी कि वे जमीन पर सोने से बचें. रात में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करना भी एक एक्स्ट्रा लेयर जोड़ देता है. इसके अलावा रात के समय यदि आपको किसी काम से घर से बाहर निकलना हो तो हमेशा टॉर्च लेकर चलें और ऐसे जूते पहनें जो पैरों को पूरी तरह ढक सकें. वहीं जूतों, हेलमेट या बाहर रखे बैग को इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह झाड़ लें क्योंकि सांप अक्सर इनमें छिपकर बैठ जाते हैं.
सांप काटने पर क्या करें?
डिपार्टमेंट ने साफ किया है कि सांप काटने की स्थिति में मरीज को पैदल न चलने दें और उसे तुरंत अस्पताल ले जाएं. सांप को पकड़ने या पहचानने में वक्त बर्बाद करने के बजाय प्राइमरी ट्रीटमेंट और डॉक्टर की सलाह पर ध्यान दें.





