Nicholas Pooran: IPL 2026 के 47वें मुकाबले में निकोलस पूरन ने ऐसी तूफानी पारी खेली, जिसने मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों को दर्शक बनने पर मजबूर कर दिया। वानखेड़े मेंपूरन ने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक जड़कर न सिर्फ गेंदबाजों की धुनाई की, बल्कि वैभव सूर्यवंशी को भी पीछे छोड़ दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पूरन और मिचेल मार्श ने पावरप्ले में ऐसा कहर बरपाया कि मुंबई के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने शुरुआती 6 ओवर में 1 विकेट खोकर 90 रन ठोक डाले, जो इस सीजन ही नहीं बल्कि IPL के इतिहास में उनका सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। इससे पहले टीम का पावरप्ले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1 विकेट खोकर 80 रन चेन्नई के खिलाफ IPL 2023 में आया था।

रिकॉर्ड्स की बारिश
पूरन ने पावरप्ले के दौरान ही 5 छक्के जड़ दिए और मुंबई के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं। उनकी पारी इतनी विस्फोटक थी कि लखनऊ के फैन हर गेंद पर चौके-छक्कों की बरसात होने की उम्मीद करने लगे। पूरन ने 21 गेंदों में 63 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 52 रन सिर्फ 9 गेंदों से आए। उन्होंने अपनी तूफानी पारी में 8 छक्के और 1 चौका जड़ा। हालांकि 9वें ओवर की पहली गेंद पर वह आउट हो गए, लेकिन तब तक लखनऊ सुपर जायंट्स स्कोरबोर्ड पर 123 रन टांग चुका था।
Khabar Monkey
निकोलस पूरन का LSG की ओर से खेलते हुए ये दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड भी पूरन के नाम ही दर्ज है। उन्होंने IPL 2023 में RCB के खिलाफ लखनऊ की ओर से खेलते हुए महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ने का बड़ा कारनामा किया था। खास बात यह है कि IPL में 20 गेंद से कम में सबसे ज्यादा फिफ्टी लगाने के मामले में भी उन्होंने अपना नाम और मजबूत कर लिया और इस सूची में वैभव सूर्यवंशी को पीछे छोड़ दिया।
IPL में 20 से कम गेंदों में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज
- 6 – अभिषेक शर्मा
- 5 – निकोलस पूरन
- 4 – वैभव सूर्यवंशी
पूरन और मार्श ने बरपाया कहर
पूरन और मिचेल मार्श के बीच 94 रनों की साझेदारी भी बेहद खास रही, जो मुंबई के खिलाफ लखनऊ की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। कुल मिलाकर, निकोलस पूरन की इस तूफानी पारी ने न सिर्फ रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी, बल्कि मुंबई इंडियंस के लिए मैच को बेहद मुश्किल बना दिया।




