
ओडिशा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बालेश्वर जिले के नीलगिरि थाना क्षेत्र में एक पिता पर अपने ही ढाई साल के बेटे को बेचने का आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोग हैरान रह गए।
आरोपी की पहचान राकेश बेहरा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, उसने एक वीडियो में स्वीकार किया है कि उसने अपने बेटे को पश्चिम बंगाल के एक डॉक्टर को 1 लाख रुपये में बेच दिया। बताया जा रहा है कि इस सौदे के तहत उसे 50 हजार रुपये एडवांस के तौर पर मिले थे और बाकी रकम बाद में देने की बात कही गई थी।
बिचौलिए के जरिए हुआ सौदा
स्थानीय युवक ने इस मामले की शिकायत नीलगिरि थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी। शिकायत में कहा गया है कि बच्चे को एक बिचौलिए के माध्यम से पश्चिम बंगाल भेजा गया था। मामला उजागर होने के बाद बच्चे को पश्चिम बंगाल से एक वाहन के जरिए वापस नीलगिरि लाया गया और वहीं छोड़ दिया गया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे को वहां किस जगह रखा गया था, डॉक्टर कौन है और पूरे सौदे में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
बिचौलिए ने आरोपों से किया इनकार
दूसरी ओर, जिस व्यक्ति पर बिचौलिया होने का आरोप है, उसने सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है। उसने कहा कि उसका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
गरीबी का हवाला
आरोपी राकेश बेहरा ने दावा किया है कि उसके चार बच्चे हैं और आर्थिक तंगी के कारण वह उनका पालन-पोषण ठीक से नहीं कर पा रहा था। उसने यह भी कहा कि उसे डॉक्टर का नाम नहीं पता, केवल बिचौलिया ही उस व्यक्ति के बारे में जानता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। बच्चे की सुरक्षा और स्वास्थ्य की भी जांच कराई जा रही है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, इस मामले से जुड़े और भी तथ्य सामने आने की उम्मीद है।






