उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से धर्मांतरण का कथित मामला सामने आया है. आरोप है कि यहां प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन का खेल चल रहा था. हिंदू संगठनों की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने कई धार्मिक पुस्तक भी बरामद की हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस की हिरासत में लिया गया आरोपी दो साल भी धर्मांतरण के मामले में जेल जा चुका है.
जानकारी के अनुसार, हिंदू संगठनों को महराजगंज के कोठीभार थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में धर्मांतरण के उद्देश्य से प्रार्थना सभा आयोजित होने की सूचना मिली थी. इस बात की जानकारी होते ही रविवार सुबह 11 बजे कई हिंदू नेता सोनबरसा गांव पहुंच गए. एक बड़े से हाल में प्रार्थना सभा होता देख उन्होंने तुरंत कोठीभार थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई, जिन्होंने पहले तो प्रार्थना सभा रुकवाई और फिर इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया.
धार्मिक पुस्तकें बरामद
पुलिस ने मौके से कई धार्मिक पुस्तकें भी बरामद की हैं. पुलिस धर्मांतरण गिरोह के तार और इससे जुड़े लोगों की तफ्तीश में जुट गई है. जांच में सामने आया है कि हिरासत में लिए गए शख्स पर दो साल पहले भी धर्मांतरण के आरोप लगे थे. उस समय पुलिस ने आरोपी सहित चार अन्य के खिलाफ कार्रवाई की थी. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. जानकारी देते हुए कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ लोगों के जरिए पुलिस को धर्मांतरण की सूचना मिली थी.
पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया
पुलिस टीम तुरंत सोनबरसा गांव पहुंच गई. यहां से पुलिस ने प्रार्थना सभा को बंद कराकर एक आरोपी को हिरासत में लिया है. मामले में मुकदमा दर्ज की जान की प्रक्रिया जारी है. इस मामले में सभी पहलुओं पर जांच जारी है.
(रिपोर्ट- अभिमुक्त पांडेय/महाराजगंज)






