
साल 2026 में 80 हजार भारतीय टूरिस्ट मोरोक्को जा सकते हैं.Image Credit source: ChatGPT
मोरक्को को इस साल पिछले साल की वृद्धि गति के अनुरूप भारत से लगभग 80,000 पर्यटकों के आगमन की उम्मीद है. मोरक्को के राष्ट्रीय पर्यटन कार्यालय (एमएनटीओ) के भारत कंट्री जनरल मैनेजर जमाल यूनिस किलिटो ने बताया कि हमारे यहां 2025 में कुल दो करोड़ इंटरनेशनल पर्यटक आए, जिनमें से 54,000 पर्यटक भारत से थे. इसका मतलब है कि 25 फीसदी हिस्सेदारी भारतीय टूरिस्टों की थी. यह 2024 की तुलना में भारत से आने वाले पर्यटकों में 31 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है. 2024 में भारत से 41,000 पर्यटक आए थे. 2024 में हम 1.74 करोड़ अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की मेजबानी कर चुके थे. उन्होंने बताया कि इस साल एमएनटीओ खासतौर पर उन यात्रियों पर ध्यान दे रहा है जो समूह में यात्रा करना पसंद करते हैं, क्योंकि हर पांच में से एक भारतीय यात्री ‘ग्रुप पैकेज’ चुनता है.
2023 में खोला था ऑफिस
भारत से आने वाले पर्यटकों की संख्या में इस वृद्धि का मुख्य कारण हमारे प्रचार अभियान हैं, जो दो साल पहले 2023 में शुरू हुए थे, और ई-वीज़ा सुविधा है, उन्होंने बताया. किलिटो ने कहा कि हमने 2023 में भारत में एक पर्यटन कार्यालय स्थापित किया और अपने प्रचार अभियान शुरू किए, साथ ही भारतीय टूर ऑपरेटरों के साथ कई साझेदारियां कीं. इसके परिणामस्वरूप, पिछले वर्ष की तुलना में 2024 में भारत से आने वाले पर्यटकों की संख्या में 123 फीसदी की वृद्धि हुई. इसमें सुविधाजनक ई-वीज़ा सुविधा का भी योगदान रहा, जिसमें कुछ घंटों से लेकर चार कार्यदिवसों तक का समय लगता है.
क्या है मोरोक्को का प्लान?
किलिटो ने बताया कि इस साल एमएनटीओ मुख्य रूप से ग्रुप टूर जैसे सेगमेंट पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, क्योंकि पांच में से एक भारतीय पर्यटक ग्रुप पैकेज का विकल्प चुनता है. किलिटो ने कहा कि ग्रुप टूर के अलावा, हम बैठक, सम्मेलनों, प्रोत्साहन यात्रा और प्रदर्शनी (एमआईसीई), शादी के लिए यात्रा, युवा यात्रियों और स्वतंत्र रूप से यात्रा करने वालों (एफआईटी) को भी आकर्षित करना चाहते हैं. साथ ही, हम 50 साल से ज्यादा उम्र वाले अनुभवी यात्रियों के लिए भी मोरक्को को बढ़ावा देना चाहते हैं.’ मोरक्को का पर्यटन विभाग 2026 में भारत से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद कर रहा है. इस साल मोरक्को 75,000 से 80,000 भारतीय पर्यटकों का स्वागत करने की योजना बना रहे हैं. उन्होंने आगे कहा, “हमारा लक्ष्य भारत से जल्द से जल्द 1,00,000 पर्यटकों के आगमन का आंकड़ा हासिल करना है.
नहीं है कोई सीधी उड़ान
मोरक्को से भारत के लिए कोई सीधी उड़ान नहीं है. हालांकि, मिडिल ईस्ट के देशों से दोनों देशों के बीच कई कनेक्टिंग उड़ानें उपलब्ध हैं. उन्होंने कहा कि भारत और मोरक्को कुछ यूरोपीय शहरों से भी कई उड़ानों द्वारा जुड़े हुए हैं. वर्तमान में, भारत टॉप 20 सोर्स मार्केट्स में शामिल है और एशियाई देशों में दूसरे स्थान पर है. उन्होंने आगे कहा कि फ्रांस शीर्ष पर है, उसके बाद स्पेन, ब्रिटेन, जर्मनी और बेनेलक्स (बेल्जियम, नीदरलैंड और लक्ज़मबर्ग) का स्थान है. एशिया में, चीन के बाद भारत मोरक्को के लिए दूसरा सबसे बड़ा सोर्स मार्केट है. वर्तमान विकास गति को देखते हुए, हमें उम्मीद है कि भारत कुछ वर्षों में शीर्ष 10 रैंकिंग में पहुंच जाएगा.






