
पंजाबी अभिनेत्री और मॉडल हिमांशी खुराना को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। उन्हें यह धमकी विदेश में बैठे गैंगस्टर जीशान अख्तर की ओर से दी गई है। बताया जा रहा है कि उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
मोहाली के एसपी (डी) सौरभ जिंदल के अनुसार, हिमांशी खुराना को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई। इस ईमेल में उनसे 10 करोड़ रुपये की मांग की गई और पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4) और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर मोहाली के सोहाना थाना पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई है। पुलिस ने आरोपी के रूप में जीशान अख्तर का नाम शामिल किया है, जो फिलहाल विदेश में रह रहा है।
कौन हैं हिमांशी खुराना?

हिमांशी खुराना पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री और मॉडल हैं। उन्होंने कई म्यूजिक वीडियो, फिल्मों और टीवी शोज में काम किया है। उन्हें खास पहचान रियलिटी शो बिग बॉस 13 से मिली। इस सीजन में उनके साथ शहनाज गिल, सिद्धार्थ शुक्ला और आसिम रियाज भी नजर आए थे। शो के दौरान हिमांशी और आसिम रियाज के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों रिलेशनशिप में आ गए थे। हालांकि, दिसंबर 2023 में दोनों का ब्रेकअप हो गया।
अन्य सितारों को भी मिल चुकी हैं धमकियां
हाल के समय में कई बॉलीवुड और पंजाबी कलाकारों को भी धमकी भरे कॉल और मैसेज मिल चुके हैं। बताया जाता है कि ये धमकियां गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर नाम के शख्स की ओर से दी गई हैं, जो विदेश में रहता है। इस साल जनवरी में मशहूर सिंगर बी प्राक को भी धमकी भरा कॉल आया था। उनके सहयोगी सिंगर दिलनूर को भी गैंगस्टरों ने धमकाया था। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को व्हाट्सएप पर वॉइस नोट के जरिए धमकी मिली थी।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साइबर टीम भी ईमेल की जांच कर रही है ताकि भेजने वाले की सही लोकेशन और नेटवर्क का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






