
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सकपाल.
महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी और टीपू सुल्तान को लेकर राजनीतिक गरमाई हुई है. महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सकपाल ने छत्रपति शिवाजी से टीपू सुल्तान की तुलना की है. इस पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान को शर्मनाक बताया है.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सकपाल ने जिस प्रकार से छत्रपति महाराज की तुलना टीपू सुल्तान के साथ की है, हम उसकी निंदा करते हैं. उनको अपने इस बयान पर शर्म आनी चाहिए. छत्रपति महाराज जिन्होंने मुगलों के साथ लड़ाई करके स्वराज्य का निर्माण किया. और हजारों हिंदुओं को कत्ल करने वाले टीपू सुल्तान की तुलना शिवाजी से करने की बात अगर कांग्रेस करती है तो ये शर्मनाक है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वोटों के लालच में ये जितने भी जूते चाटे, महाराष्ट्र और देश इसे सहन नहीं करेगा और हम भी इसे सहन नहीं करेंगे.
#WATCH | नागपुर: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने जिस प्रकार छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुल्तान से की है, हम उसकी निंदा करते हैं। उन्हें शर्म आनी चाहिए। छत्रपति ने स्वराज्य की स्थापना की जबकि टीपू सुल्तान ने pic.twitter.com/YituE0gngt
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 14, 2026
क्या बोले थे महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष?
महाराष्ट्र के बुलढाना में महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सकपाल ने कहा, छत्रपति शिवाजी महाराज का शौर्य जिस तरह का है और ‘स्वराज्य’ नाम का उन्होंने जो एक विचार दिया है. ठीक उसी के पदचिन्हों पर चलते हुए, उनके काफी समय बाद, उनका आदर्श लेकर टीपू सुल्तान ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई का ऐलान किया था. उस अर्थ में, टीपू सुल्तान एक शौर्य दिखाने वाले योद्धा होकर गए. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, वे भारत के एक भूमिपुत्र (सपूत) होकर गए. उन्होंने कभी भी किसी भी जहरीली या विकृत विचारधारा को अपने करीब नहीं आने दिया. इसलिए शौर्य के प्रतीक के रूप में हम टीपू सुल्तान को शिवाजी महाराज के समकक्ष (समान) मानते हैं.
मालेगांव में भी टीपू को लेकर बवाल
वहीं, महाराष्ट्र में मालेगांव में भी टीपू सुल्तान को लेकर राजनीतिक दल आमने सामने आ गए हैं. दरअसल मालेगांव की डिप्टी मेयर और समाजवादी पार्टी नेता शान-ए-हिंद निहाल अहमद ने अपने आधिकारिक चैंबर में उस जगह पर टीपू सुल्तान की तस्वीर टांगी है, जहां आम तौर पर महात्मा गांधी, राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री की तस्वीरें लगाने की परंपरा रही है. लेकिन, उनके इस फैसले से बड़ा राजनीतिक विवाद छिड़ गया है. बीजेपी ने इस घटना को लेकर कांग्रेस, AIMIM और इस्लाम पार्टी पर हमला बोला है. उनका कहना है कि इनके आदर्श बाबर, गजनी, मुगल,औरंगजेब और टीपू सुल्तान हैं.






