
दिल्ली विश्वविद्यालयImage Credit source: Getty Images
दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस स्थित आर्ट्स फैकल्टी के गेट के बाहर ऑल इंडिया वंचित अधिकार दिवस के दौरान यूट्यूबर और आइसा के बीच झड़प देखने को मिली. ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के कार्यकर्ता यूजीसी के नए नियमों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे. आइसा ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम के दौरान उन पर हमला किया गया. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने AISA के कार्यकर्ताओं पर महिला पत्रकारों के साथ बदसलूकी का आरोप लगाया और जातिगत टिप्पणी किए जाने के खिलाफ मॉरिस नगर पुलिस स्टेशन में इकट्ठे हुए. दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी हुई. इस दौरान पुलिस स्टेशन के बाहर यूट्यूबर ने ब्राह्मणवाद जिंदाबाद के नारे भी लगाए.
ऑल इंडिया फोरम फॉर इक्विटी के आह्वान पर छात्रों ने परिसर में यूजीसी के नए नियमों को लागू करने और कैंपस में जातिगत भेदभाव खत्म करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. इस दौरान AISA की ओर से आरोप लगाया गया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने हमला किया. संगठन की कुछ महिला कार्यकर्ताओं के साथ धक्कामुक्की की गई, जिसमें वह जमीन पर गिर गईं और घायल हो गईं. संगठन का कहना है कि घटना का वीडियो भी मौजूद है.
यूट्यूबरों के बीच झगड़े से शुरू हुआ विवाद
दरअसल पूरे मामले की शुरुआत यूट्यूबर रुचि तिवारी और यूट्यूबर नवीन कुमार के बीच झगड़े से हुई. दोनों में जमकर धक्कामुक्की हुई. इसी में बीच बचाव करने गए AISA के कार्यकर्ताओं ने रुचि तिवारी से हटने के लिए कहा और पूछा कौन हो अपना नाम बताओ. फिर रुचि तिवारी को लेकर पुलिस के पास जाने लगे, तब रुचि तिवारी के साथ आए लोगों ने धक्का देकर आइसा की अंजलि को गिरा दिया.
नारेबाजी और FIR की मांग
इसके बाद आइसा के कार्यकर्ता मॉरिस नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे. रुचि तिवारी के समर्थन में बड़ी संख्या में एबीवीपी के कार्यकर्ता भी पुलिस स्टेशन पहुंच गए. कार्यकर्ताओं का कहना था कि महिला यूट्यूबर के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ हुई है, FIR दर्ज करो. इसी बीच रुचि तिवारी ब्राह्मणवाद जिंदाबाद के नारे लगाने लगती हैं. आइसा के कार्यकर्ताओं का कहना है कि रुचि तिवारी अपने फॉलोअर बढ़ाने के लिए अक्सर इसी तरह से करती हैं.
ABVP के दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने क्या कहा?
एबीवीपी के दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया पर हमला दुर्भाग्यपूर्ण है. वामपंथ का इतिहास शुरू से ही हिंसा को बढ़ावा देने वाला रहा है दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने इन्हें पूर्णतः नकार दिया है. इससे हताश होकर वो मीडिया में बने रहने के लिए रोज नए हथकंडे अपना रहे है. अभाविप दिल्ली पुलिस और दिल्ली विश्वविद्यालय से इस कुकृत्य पर कड़ी से कड़ी करवाई की मांग करता है .
नवीन कुमार का आरोप
यूट्यूबर नवीन कुमार नंदन ने आरोप लगाया है कि रुचि तिवारी उनके पास आती है और आते ही कहती हैं कि तुमने जो मेरा वीडियो अपने चैनल पर डाला है, उसे डिलीट करो. दरअसल वो वीडियो जंतर-मंतर पर हुए एक प्रोटेस्ट का है. वो कहती हैं कि जो तुमने उस दिन वीडियो लगाया था उस दिन का, उसको हटाओ. नवीन कुमार का कहना है कि मैंने वीडियो हटाने से मना किया. उसके बाद वह मेरे साथ जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने लगीं. मेरे दोनों मोबाइल छीन लेती हैं. वह इस कोशिश में रहती हैं कि मैं किसी भी तरह से उनके हाथ से मोबाइल छीनी, ताकि कहीं से टच हो जाए तो वो मुझ पर कोई आरोप लगा सकें. बीच बचाव करने के लिए आइसा की अंजली ने कहा, सावी आती है, तो उनके साथ भी उनके लोग धक्कामुक्की करते हैं, इसी में अंजली को धक्का लगता है और वह गिर जाती हैं.
आइसा की अंजली का दावा
आइसा की अंजली ने कहा कि हम देखते हैं कि हमारे प्रोटेस्ट में यूट्यूबर नवीन कुमार को रुचि तिवारी ने जकड़ा हुआ है और कह रही थी कि जाने नहीं देंगे. मैंने बीच में जाकर रुचि तिवारी को हटाने की कोशिश की, लेकिन उनके साथ कुछ लोग उनके समर्थन में आए थे. वो वही लोग हैं, जिन्होंने हमारे कार्यक्रम में एक दिन पहले प्रोफेसर एस इरफान हबीब पर पानी फेंकते हैं, डस्टबिन फेंकते हैं. ये लोग हमारे पास अभद्रता कर रहे हैं. हमें गलत तरीके से टच कर रहे थे. ये लोग वहां पर बहुत बुरी-बुरी अभद्र शब्दों के साथ धमकी देते हैं.
उन्होंने आगे कहा कि फिर हम पुलिस स्टेशन जाते हैं तो वहां पर जाते ही तुरंत बोलते हैं कि ये रही अंजली इसे पकड़ो. हमें घेर लिया जाता है. मैने दो स्वेटर पहने थे, दोनों स्वेटर खींचतान में निकल जाते हैं. चिल्ला चिल्लाकर रेप थ्रेट दिए जाते थे. हम अपनी जान को डर रहे थे. वहां पर मौजूद भीड़ ने हमारे साथी सचिन को लात घुसो से पीटा. वहां नारे कहते हैं अंजली की कब्र खुदेगी, वहां नारे लग रहे थे कि देश के गद्दारों को गोली मारो, ब्राह्मणवाद जिंदाबाद.
ये भी पढ़ें-Job Alert: बिहार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव, NTPC को चाहिए इंजीनियरिंग एग्जीक्यूटिव, UP में 10 लाख रोजगार देने का ऐलान, पढ़ें जॉब अलर्ट






