Viral

जालौन में NH-27 पर भीषण सड़क हादसा, डंपर से टकराई तेज रफ्तार कार, CA की जिंदा जलकर मौत – Khabar Monkey

जालौन में NH-27 पर भीषण सड़क हादसा, डंपर से टकराई तेज रफ्तार कार, CA की जिंदा जलकर मौत – Khabar Monkey
जालौन में NH-27 पर भीषण सड़क हादसा, डंपर से टकराई तेज रफ्तार कार, CA की जिंदा जलकर मौत

चार्टर्ड अकाउंटेंट की जिंदा जलकर मौत

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई कोतवाली क्षेत्र में झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर शनिवार सुबह 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. इस हादसे में उरई के राजेंद्र नगर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) राजेश कुशवाहा (54) की जिंदा जलकर मौत हो गई. यह एक्सिडेंट उस समय हुआ जब कानपुर रोड़ स्थित सरोवर पोर्टिका की ओर जा रही CA की महिंद्रा XUV700 कार तेज रफ्तार में आगे चल रहे डंपर में पीछे से टकरा गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आग लग गई. देखते ही देखते कार आग के गोले में बदल गई. हाईवे पर उठती लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी. इसके अलावा आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन तेज लपटों के कारण कोई कार के पास नहीं जा सका.

जाम हो गया था कार का गेट

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार का दरवाजा जाम हो गया था, जिससे चालक राजेश कुशवाहा बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही फंस गए. आग तेजी से फैलने के कारण उनकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई. कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर राख हो गई. सूचना मिलते ही उरई कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर बाबू पुलिस और चीफ फायर ऑफिसर अरविंद कुमार सिंह दमकल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे.

जिंदा जलकर CA की मौत

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझने के बाद पुलिस और दमकल कर्मियों ने गैस कटर के माध्यम से कार का दरवाजा काटा और अंदर से जला हुआ शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु करा दिया. परिजनों के अनुसार, राजेश कुशवाहा शुक्रवार रात घर से अकेले कार लेकर निकले थे.

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

राजेश कुशवाहा का जिला अस्पताल के सामने वाली गली में कार्यालय है और वह चार्टर अकाउंटेंट का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी स्वाती और दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है. बड़े भाई संजय सिंह ने बताया कि वह सामान्य रूप से घर से निकले थे और सुबह हादसे की खबर मिली. उरई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और पीछे से ट्रक में टक्कर लगने का प्रतीत होता है.

जले हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

पुलिस ने वाहन के अवशेष हटवाकर मार्ग साफ करा दिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. वहीं, जालौन के सीएफओ अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें कार में आग लगने की सूचना मिली थी. तत्काल वह दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. जले शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Khabar Monkey
the authorKhabar Monkey

Leave a Reply