
‘धुरंधर’ पर क्या बोले नागार्जुन?
Nagarjuna On Dhurandhar: सुपरस्टार रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ ने सिनेमाघरों में जमकर तबाही मचाई. इसके बाद फिल्म ने ओटीटी पर भी अपना जलवा बिखेरा. बड़े पर्दे से लेकर ओटीटी तक, फैंस के दिलों को जीत चुकी इस फिल्म में रणवीर के साथ-साथ अक्षय खन्ना के काम की भी खूब तारीफें हुई हैं. जहां हमजा के किरदार में रणवीर ने जमकर सुर्खियां बटोरी तो वहीं रहमान डकैत के किरदार में अक्षय खन्ना भी छा गए.
अक्षय खन्ना धुरंधर में रहमान डकैत नाम का किरदार निभाकर हर किसी की जुबां पर चढ़ गए थे. उनकी एक्टिंग के साथ-साथ उनके स्वैग और डांस की भी खूब चर्चा हुई थी. हालांकि इसी बीच ये खबरें भी आईं कि रहमान डकैत के लिए वो पहली पसंद नहीं थे, बल्कि साउथ सिनेमा के मेगास्टार नागार्जुन को ये रोल पहले ऑफर किया गया था. अब इस मामले पर नागार्जुन ने चुप्पी तोड़ते हुए सारी सच्चाई खुद बता दी है.
नागार्जुन ने तोड़ी चुप्पी
धुरंधर की सक्सेस के बीच ये अफवाहें काफी जोर-शोर से उड़ी थी कि अक्षय से पहले रहमान डकैत का ऑफर मेकर्स ने नागार्जुन को दिया था. हालांकि, इन अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है. दिग्गज एक्टर ने खुद ये खुलासा किया है. हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि काश उन्हें ये रोल ऑफर किया जाता.
ये भी पढ़ें: रणवीर सिंह की धुरंधर का धमाका, इस अवॉर्ड शो में मिले 28 नॉमिनेशंस
अभिनेता इन दिनों विदेश में छुट्टियों का लुत्फ ले रहे हैं. इसी बीच उन्होंने धुरंधर की तारीफ करते हुए सारी अफवाहों पर ब्रेक लगा दिया है. उन्होंने कहा, ”बिल्कुल नहीं. मुझे ये रोल ऑफर नहीं किया गया था. हालांकि मेरी इच्छा थी कि मुझे ऑफर किया जाता. धुरंधर एक शानदार फिल्म है. आदित्य धर का डायरेक्शन वाकई लाजवाब है. मुझे उनकी पिछली फिल्म उरी भी बहुत पसंद आई थी. फिल्म में सभी कलाकारों की एक्टिंग बेहतरीन है और अक्षय खन्ना तो कमाल के थे. सीक्वल का बेसब्री से इंतजार है. उन्हें एक और ब्लॉकबस्टर की शुभकामनाएं.”
मार्च में आएगी धुरंधर 2
5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई धुरंधर ने भारत में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा और दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. ये अब भारत की चौथी सबसे कमाऊ फिल्म है. मेकर्स फिलहाल दूसरे पार्ट को अंतिम रूप दे रहे हैं. धुरंधर 2 सिनेमाघरों में 19 मार्च 2026 को दस्तक देगी.






