
‘ओ रोमियो’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
O Romeo Box Office Collection Day 1 Estimated: शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ को लेकर रिलीज के पहले ही काफी बज बना हुआ था. फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. शाहिद लंबे समय से एक ब्लॉकबस्टर फिल्म के इंतजार में हैं. ‘ओ रोमियो’ से ‘कबीर सिंह’ की तरह परफॉर्मेंस की उम्मीद लगाई जा रही थी, लेकिन कमाई का जो शुरुआती आंकड़ा सामने आया है उसमें ‘ओ रोमियो’ ‘कबीर सिंह’ की बराबरी नहीं कर पाई है. इतना ही नहीं ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में ये नई फिल्म शाहिद की एक फ्लॉप पिक्चर से भी आगे नहीं निकल पाई है.
सैकनिल्क के अनुसार ‘ओ रोमियो’ ने पहले दिन 8.13 करोड़ रुपये की कमाई की है. ये आंकड़ा शुक्रवार रात 10 बजे तक का है. फाइनल डेटा शनिवार सुबह सामने आएगा. फाइनल आंकड़े में ज्यादा से ज्यादा एक-दो करोड़ रुपये का अंतर देखने को मिल सकता है. लेकिन फिर भी ‘ओ रोमियो’ कबीर सिंह से काफी पीछे है. साल 2019 में संदीप रेड्डी वांगा के डायेरक्शन में आई ‘कबीर सिंह’ ने पहले दिन 20.21 करोड़ रुपये अपने नाम किए थे. हर किसी की जुबां पर उस फिल्म का नाम था.
इस फ्लॉप फिल्म से पीछे ‘ओ रोमियो’
‘पद्मावत’ के बाद ‘कबीर सिंह’ शाहिद कपूर के करियर की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म है. साल 2015 में शाहिद ‘शानदार’ के नाम से एक फिल्म लेकर आए थे. यूं तो बॉक्स ऑफिस पर वो फ्लॉप रही थी. लेकिन उसका ओपनिंग डे कलेक्शन ‘ओ रोमियो’ से ज्यादा था. ‘शानदार’ ने पहले दिन 13.10 करोड़ रुपये छापे थे. फिलहाल ‘ओ रोमियो’ की कमाई का फाइनल डेटा सामने आने का इंतजार है.
ये भी पढ़ें-रणवीर सिंह की धुरंधर 2 या यश की टॉक्सिक, किस फिल्म का पब्लिक को इंतजार? यहां जानिए
‘कबीर सिंह’ से ज्यादा है ‘ओ रोमियो’ का बजट
विशाल भारद्वाज के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में शाहिद के साथ सितारों की पूरी फौज है. तृप्ति डिमरी, फरीदा जलाल, दिशा पाटनी, नाना पाटेकर और अविनाश तिवारी. ऐसे में इस फिल्म को बनाने में पैसा भी खूब खर्च हुआ है. इसका बजट ‘कबीर सिंह’ से भी ज्यादा है. ‘कबीर सिंह’ को बनाने में 55 करोड़ रुपये लगे थे. तो वहीं रिपोर्ट्स के अनुसार ‘ओ रोमियो’ का बजट 125 करोड़ रुपये है. यानी डबल से भी ज्यादा. ऐसे में इस फिल्म से और भी ज्यादा उम्मीदें हैं.






