
कपल्स ने मिलकर शुरू किया बिजनेस, पूरी दुनिया में बज रहा डंका
Valentine Day special: आम तौर पर जब हम वैलेंटाइन डे की बात करते हैं, तो हमारे दिमाग में फूलों के गुलदस्ते, चॉकलेट्स और रोमांटिक डिनर की तस्वीरें उभरती हैं. लेकिन, भारत के स्टार्ट-अप इकोसिस्टम में कुछ ऐसी जोड़ियां भी हैं, जिन्होंने रोमांस की परिभाषा को ही बदल दिया है. इन कपल्स ने एक-दूसरे की आंखों में सिर्फ प्यार नहीं, बल्कि एक साझा सपना देखा. एक ऐसा सपना, जो न केवल उनके आने वाले कल को सुरक्षित करे साथ ही देश के हजारों लोगों के लिए प्रेरणा बने. इस वैलेंटाइन डे पर हम आपके लिए लेकर आए हैं उन सफल भारतीय एंटरप्रेन्योर कपल्स की कहानियां, जिन्होंने साबित किया कि जब जीवनसाथी ही बिज़नेस पार्टनर बन जाए, तो सफलता का स्वाद दोगुना हो जाता है.
हिमांशु गांधी और रिशु ने बनाया Mother Sparsh
प्यार सिर्फ साथ रहने का नाम नहीं है, बल्कि साथ मिलकर जिम्मेदारियां उठाने का भी नाम है. हिमांशु गांधी और रिशु गांधी की कहानी इसी बात का सटीक उदाहरण है. जब ये दोनों पेरेंट्स बने, तो इनके सामने सबसे बड़ी चुनौती थी अपने नवजात शिशु के लिए सुरक्षित उत्पादों की तलाश. उन्होंने बाजार में देखा कि विज्ञापनों की चकाचौंध तो बहुत है, लेकिन ऐसे बेबी केयर प्रोडक्ट्स की भारी कमी है, जिन पर एक माता-पिता आंख मूंदकर भरोसा कर सकें. यहीं से Mother Sparsh का विचार जन्मा. हिमांशु ने भारतीय बाजार की नब्ज को पहचाना. साल 2018-19 में शुरू हुआ उनका यह सफर आज वॉटर-बेस्ड वाइप्स और नेचुरल उत्पादों के साथ एक विश्वसनीय ब्रांड बन चुका है.

हिमांशु गांधी और रिशु
फाल्गुनी और संजय ने बना दिया नायका
सिर्फ बेबी केयर ही नहीं, ब्यूटी और स्किनकेयर सेक्टर में भी पति-पत्नी की जोड़ियां कमाल कर रही हैं. सबसे बड़ा नाम जो जुबां पर आता है, वह है नायका (Nykaa) की फाउंडर फाल्गुनी नायर और उनके पति संजय नायर का. 50 की उम्र पार करने के बाद जब अधिकांश लोग रिटायरमेंट की सोचते हैं, फाल्गुनी ने अपना बिज़नेस शुरू करने की ठानी. इस जोखिम भरे सफर में संजय नायर ने उन्हें रणनीतिक मार्गदर्शन दिया और एक मजबूत स्तंभ की तरह खड़े रहे. आज उनकी यह साझेदारी भारतीय रिटेल सेक्टर की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक है.

फाल्गुनी नायर और उनके पति संजय नायर
गज़ल और वरुण अलघ ने बनाया मामाअर्थ
इसी तरह, मामाअर्थ (Mamaearth) की गज़ल और वरुण अलघ की कहानी भी एक समस्या के समाधान से शुरू हुई. अपने बच्चे के लिए टॉक्सिन-फ्री प्रोडक्ट्स न मिलने पर उन्होंने खुद कंपनी खड़ी कर दी. गज़ल ने ब्रांड की आवाज़ और कम्युनिकेशन को संभाला, तो वरुण ने बिज़नेस स्ट्रेटजी को धार दी.

गज़ल और वरुण अलघ
सुयश और अनीशा ने बनाया डॉट एंड की
डॉट एंड की (Dot & Key) के सुयश और अनीशा सराफ ने भी एक पैशन प्रोजेक्ट को 198 करोड़ रुपये के रेवेन्यू वाले ब्रांड में बदल दिया. इन जोड़ियों ने दिखाया कि जब पति-पत्नी एक टीम की तरह काम करते हैं, तो वे किसी भी बाजार में अपनी जगह बना सकते हैं.

सुयश और अनीशा सराफ
कोमलदीप और हरसिमरन ने बनाया WZATCO
कोमलदीप सिंह और हरसिमरन कौर ने टेक मार्केट में भी अपनी धाक जमाई है. साल 2019 में उन्होंने देखा कि प्रोजेक्टर मार्केट में बहुत बड़ा गैप है या तो बहुत महंगे विदेशी ब्रांड्स हैं या फिर सस्ते और अविश्वसनीय विकल्प. इस कमी को पूरा करने के लिए उन्होंने WZATCO की शुरुआत की. कोमलदीप ने टेक्नोलॉजी और इनोवेशन की कमान संभाली, जबकि हरसिमरन ने फाइनेंस और ऑपरेशंस को मैनेज किया.

शिखर और निधि
शिखर और निधि ने बनाया समोसा सिंह.
शिखर और निधि दोनों पति-पत्नी मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं. दोनों ने साथ में ग्रेजुएशन की और दोस्ती से राहें पहले प्यार और फिर शादी तक पहुंच गईं. अच्छी खासी नौकरी करके खुशहाल जिंदगी बिताने वाले ये पति-पत्नी अब बिजनेस पार्टनर्स हैं. और इनके ब्रांड का नाम है समोसा सिंह.

स्वाति और रोहन भार्गव
कई कपल्स आज के युवाओं के लिए रोल मॉडल
इसके अलावा, स्लीप कंपनी (The Sleep Company) के हर्षिल और प्रियंका सलोत ने गद्दों की दुनिया में स्मार्टग्रिड तकनीक लाकर क्रांति ला दी है. कैशकरो (CashKaro) की स्वाति और रोहन भार्गव, ये सभी कपल्स आज के युवाओं के लिए रोल मॉडल हैं. यह वैलेंटाइन डे हमें यही सिखाता है कि प्यार का असली मतलब सिर्फ एक-दूसरे की आंखों में देखना नहीं, बल्कि एक साथ एक ही दिशा में देखना और उसे हासिल करना है.






