
इंजीनियरिंग कॉलेज
Image Credit source: pexels
देश में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए कई तरह के संस्थान मौजूद हैं, जिनमें आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी, जीएफटीआई, राज्य सरकारी कॉलेज और प्राइवेट विश्वविद्यालय शामिल हैं. हर संस्थान की अपनी अलग पहचान, एडमिशन प्रक्रिया और शैक्षणिक व्यवस्था होती है. छात्र अक्सर इस बात को लेकर उलझन में रहते हैं कि इन संस्थानों में क्या अंतर है और किसे चुनना बेहतर रहेगा. खासकर आईआईटी और एनआईटी को लेकर ज्यादा चर्चा होती है.
ऐसे में यह समझना जरूरी है कि इन संस्थानों की स्थापना, संचालन प्रणाली, पढ़ाई के स्तर और प्लेसमेंट में क्या फर्क है, ताकि छात्र सही निर्णय ले सकें.
देश में इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रकार
भारत में इंजीनियरिंग एजुकेशन देने वाले संस्थानों को मुख्य रूप से कुछ श्रेणियों में बांटा जाता है, आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी, जीएफटीआई, राज्य सरकारी कॉलेज और प्राइवेट विश्वविद्यालय. सभी संस्थान टेक्निकल एजुकेशन देते हैं, लेकिन इनके स्तर, सुविधाओं और अवसरों में अंतर होता है.
IIT: देश के शीर्ष तकनीकी संस्थान
आईआईटी यानी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी देश के सबसे प्रतिष्ठित सरकारी संस्थान माने जाते हैं. वर्तमान में इनकी संख्या 23 है. ये संस्थान विशेष कानून के तहत पूरी स्वायत्तता के साथ संचालित होते हैं. यहां एडमिशन जेईई एडवांस्ड परीक्षा के जरिए मिलता है. आईआईटी में रिसर्च, इनोवेशन और इंटरनेशनल लेवल की पढ़ाई पर खास जोर दिया जाता है. ग्लोबल रैंकिंग में भी इनकी अच्छी पहचान है.
NIT: राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख कॉलेज
एनआईटी यानी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी भी प्रमुख सरकारी संस्थान हैं. ये केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोग से संचालित होते हैं. यहां प्रवेश जेईई मेन के आधार पर होता है. एनआईटी का मुख्य फोकस राष्ट्रीय स्तर पर तकनीकी शिक्षा को मजबूत करना है. पढ़ाई और प्लेसमेंट के मामले में ये संस्थान भी काफी अच्छे माने जाते हैं.
IIIT और GFTI
आईआईआईटी यानी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मुख्य रूप से सूचना प्रौद्योगिकी और कंप्यूटर से जुड़े कोर्स पर केंद्रित होते हैं. वहीं जीएफटीआई (सरकारी वित्त पोषित तकनीकी संस्थान) वो कॉलेज हैं जिन्हें सरकार से आर्थिक सहायता मिलती है. इनका प्रवेश भी जेईई मेन स्कोर से होता है. कई जीएफटीआई में अच्छी प्लेसमेंट सुविधा उपलब्ध है.
राज्य सरकारी और प्राइवेट कॉलेज
राज्य सरकारी कॉलेज जैसे एचबीटीयू कानपुर और डीटीयू भी अच्छी शिक्षा और प्लेसमेंट के लिए जाने जाते हैं. वहीं निजी विश्वविद्यालय जैसे वीआईटी, बीआईटीएस और एसआरएम आधुनिक सुविधाएं और इंडस्ट्री कनेक्शन प्रदान करते हैं. छात्रों को अपनी रैंक, बजट और करियर लक्ष्य के अनुसार सही विकल्प चुनना चाहिए.
ये भी पढ़ें-CBSE बोर्ड एग्जाम से पहले लग गई चोट हो गए बीमार, जानें परीक्षा को लेकर क्या है नियम






